RFID Tag: दिल्ली में प्रवेश से पहले वाहन चालकों की फूली सांस, बिना टैग के प्रवेश रोकने के कारण लगा जाम
सबसे अधिक जाम सेक्टर-95 स्थित ओखला बर्ड सेंचुरी मेट्रो स्टेशन से कालिंदी कुंज यमुना पुल तक रही। करीब दो किलोमीटर तक जाम रहा। जरूरी काम से दिल्ली जा रहे लोग जाम में फंसे रहे। जाम में कई एंबुलेंस भी फंसी।
नोएडा, मोहम्मद बिलाल। नोएडा-दिल्ली बार्डर पर बुधवार को वाहन चालकों के पसीने छूट गए। कालिंदी कुंज व डीएनडी के रास्ते दिल्ली जा रहे वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहे। जाम की यह समस्या बिना रेडियो फ्रिक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआइडी) टैग के वाणिज्यक वाहनों को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के टोल पर रोके जाने के चलते बनी। ऐसे वाहन चालकों को मौके पर टैग बनवाने के बाद ही दिल्ली में एंट्री मिली।
दरअसल दिल्ली में प्रवेश करने के लिए सभी वाणिज्यक वाहनों पर आरएफआइडी टैग होना अनिवार्य है। बुधवार को आरएफआइडी टैग के कैश लेन का भी कांउटर बंद कर दिया गया। बगैर टैग या कम बैलेंस होने पर वाणिज्यक वाहनों को दिल्ली में प्रवेश से पहले ही रोक लिया गया है। इससे नोएडा की सीमा में वाहनों की कतार लगने लगी। सुबह छह बजे से जाम की समस्या रही, जो देर रात तक रही।
सबसे अधिक जाम सेक्टर-95 स्थित ओखला बर्ड सेंचुरी मेट्रो स्टेशन से कालिंदी कुंज यमुना पुल तक रही। करीब दो किलोमीटर तक जाम रहा। जरूरी काम से दिल्ली जा रहे लोग जाम में फंसे रहे। जाम में कई एंबुलेंस भी फंसी। इसी तरह डीएनडी फ्लाई-वे पर टोल प्लाजा से पहले पर जाम की समस्या रही। नोएडा सीमा में डीएनडी लूप तक जाम रहा। मौके से यातायात सिपाही भी नदारद रहे।
फिल्म सिटी फ्लाईओवर से दलित प्रेरणा स्थल तक जाम
चिल्ला बार्डर, सेक्टर-62 एनआइबी तिराहा, सेक्टर-62 माडल टाउन तिराहा से दिल्ली की तरफ जाने का रास्ता बंद है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे का प्रयोग कर दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों को वसुंधरा एन्क्लेव, हरिदर्शन, दल्लूपुरा, अशोक नगर, सेक्टर-1 अशोक नगर बार्डर, टकसाल बार्डर, छिजारसी, झुंडपुरा बार्डर व सेक्टर-57 खोड़ा तिराहा से होकर दिल्ली की ओर जाना पड़ रहा है। इससे बुधवार को फिल्म सिटी फ्लाईओवर से दलित प्रेरणा स्थल तक जाम रहा।
क्या कहते हैं डीसीपी ट्रैफिक
बगैर आरएफआइडी टैग व कम बैलेंस वाले वाणिज्यक वाहनों को कार्ड बनवाने के बाद ही दिल्ली में अनुमति मिली। नोएडा-दिल्ली बार्डर पर जाम रहा है।
गणेश प्रसाद साहा, डीसीपी ट्रैफिक
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो