दुनिया मानेगी भारत की प्राकृतिक चिकित्सा का लोहा, ग्रेटर नोएडा में जुट रहे रामदेव व श्रीश्री रविशंकर सहित बड़े नाम
इंडिया एक्स्पो मार्ट आयुर्वेद व नेचुरोपैथी के विश्व के सबसे बड़े आयोजन का गवाह बनेगा। आयुर्वेद व प्राकृतिक चिकित्सा पर चार दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन 7 से 10 नवंबर तक होगा।
ग्रेटर नोएडा, जागरण संवाददाता। इंडिया एक्स्पो मार्ट आयुर्वेद व नेचुरोपैथी के विश्व के सबसे बड़े आयोजन का गवाह बनेगा। आयुर्वेद व प्राकृतिक चिकित्सा पर चार दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन एक्सपो मार्ट में 7 से 10 नवंबर तक होगा। कार्यक्रम में योग स्वामी रामदेव, श्री श्री रविशंकर सहित अन्य नामी हस्तियां शामिल होंगी।
होगा विशेष योग सत्र
विशेष सत्र में योग सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में आम व्यक्ति भी शिरकत कर सकेंगे। इंडिया एक्सपो मार्ट के अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया आयुर्वेद, योग व प्राकृतिक चिकित्सा के जरिये स्वास्थ्य लाभ के संदेश को आम जन तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
देश में पहली बार आयुर्वेद, योग व प्राकृतिक चिकित्सा से जुड़े लोग एक साथ जुटेंगे
स्वामी विवेकानंद योग अनुसंधान संस्थान व भारतीय योग संस्थान के अध्यक्ष पद्मश्री डा. एचआर नागेंद्र के नेतृत्व में देश में पहली बार आयुर्वेद, योग व प्राकृतिक चिकित्सा से जुड़े सभी योगियों को एक साथ जोड़ने की पहल की गई है।
दुनिया देखेगी भारत के प्राचीनकाल की ताकत
भारतीय चिकित्सा व लाइफ स्टाइल परंपराओं के विज्ञान को बताने वाले चार दिवसीय आयोजन में दुनिया के सामने सबसे खास पेशकश की जाएगी। कार्यक्रम में रामदेव व श्रीश्री रविशंकर के द्वारा विशेष सत्र का आयोजन किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रम में जाने-माने वक्ता भी हिस्सा लेंगे।
कई बड़े लोग होंगे शामिल
इसमें प्रमुख रूप से पद्म भूषण डा. डेविड फ्रावले, पद्म भूषण वैद्य देवेंद्र त्रिगुण, मां डा. हंसजी जयदेव योगेंद्र, पद्मश्री वैद्य राजेश कोटेचा, डा. लोरेंजों कोहेन, डा. सतवीर सिंह खालसा, एंटोनियेटा रोजजी, डा. बसंत, डा. दुआन गाग, स्वामी चिदानंद सरस्वती, अमृता सूर्यवंश, स्वामी महेश्वरानंद पुरी आदि। राकेश कुमार ने बताया चार दिवसीय विशेष सत्र में नए शोध के बारे में जानकारी दी जाएगी। स्कूल जाने वाले छात्रों के लिए योग शिक्षा और सैद्धांतिक शिक्षा पर विशेष सत्र का भी आयोजन होगा।