पुलिस कस्टडी से भागकर कैदी बीच सड़क पर करने लगा डांस, जानें फिर क्या हुआ Noida News
कोर्ट से एक बदमाश पुलिस कस्टडी से भाग गया। कोर्ट से भाग कर वह दुर्गा गोलचक्कर पर डांस करने लगा।
ग्रेटर नोएडा [प्रवीण विक्रम सिंह]। गौतमबुध नगर जिला न्यायालय परिसर से बृहस्पतिवार शाम चार बजे एक बदमाश पुलिस कस्टडी से भाग गया। वह कोर्ट से भाग कर दुर्गा गोलचक्कर पर डांस करने लगा। इसी बीच पुलिस की गाड़ी वहां से निकल रही थी। दो सिपाही मोहित व सर्वेंदर ने कोर्ट से भागे दीपक को दुर्गा गोलचक्कर से धर दबोचा। पुलिस ने उसको दोबारा पकड़ कर कोर्ट में पेश किया।
कोर्ट से भागे बदमाश को पकड़ने वाले दोनों सिपाही मोहित और सर्वेंदर को एसपी देहात रणविजय सिंह ने पांच-पांच सौ रुपये का नकद पुरस्कार दिया।
पुलिस कस्टडी से भागते ही मचा हड़कंप
दरअसल, बृहस्पतिवार सुबह जिला जेल से बंदी दीपक जिला न्यायालय में पेशी पर आया था। वह चोरी के मुकदमें में जेल में बंद है। पेशी के दौरान आरोपित दीपक पुलिसकर्मी को चकमा देकर हथकड़ी खोलकर कोर्ट से भाग निकला। कोर्ट से बंदी के भागने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस ने उसकी आस-पास तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला।
इसी बीच सूरजपुर कोतवाली के दो सिपाही दुर्गा गोलचक्कर के समीप से निकल रहे थे। दोनों ने आरोपित दीपक को देख कर गाड़ी रोक दी। दीपक दुर्गा गोलचक्कर पर शर्ट खोलकर डांस कर रहा था। एसपी देहात रणविजय सिंह ने बताया कि अभिरक्षा के दौरान जो आरोपित कोर्ट से फरार हुआ था। उसको गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस लाइन से फरार हो गए थे विदेशी नागरिक
बता दें कि किसी कैदी के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई मामले सामने आ चुके हैं। जुलाई महीने में ऑपरेशन क्लीन दस के तहत पकड़े गए 60 विदेशी नागरिकों में से दस पुलिस लाइन से ही फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी वैभव कृष्ण ने मामले की जांच के आदेश दिए थे।
दरअसल, गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन दस के तहत बिना वीजा के रह रहे 60 विदेशी नागरिकों को चार सोसायटी व सेक्टर से पकड़ा गया था। इसमें 32 पुरुष व 28 महिलाएं थी। पुलिस जांच में 17 वीजा की अवधि समाप्त मिली थी, जबकि आठ वीजा फर्जी पाए गए थे। इसके अलावा विदेशी नागरिकों के कब्जे से दिल्ली मार्का 222 बोतल बियर, गांजा, छह लैपटॉप, 114 सिम कार्ड व पांच छोटे डिवाइस बरामद किए गए थे।
ये भी पढ़ेंः Grey Line Metro: मेट्रो परिचालन का रास्ता साफ, दिल्ली-NCR के लाखों यात्रियों को मिलेगा लाभ