यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शारदा विश्वविद्यालय मामला: बीडीएस छात्रा की मौत पर अब पिता ने जताई ये आशंका, पुलिस में दर्ज कराए बयान
ग्रेटर नोएडा के शारदा विश्वविद्यालय में बीडीएस छात्रा ज्योति शर्मा की मौत के मामले में नया मोड़ आया है। पिता ...और पढ़ें

HighLights
- छात्रा ज्योति शर्मा की संदिग्ध मौत |
- पिता ने हत्या की आशंका जताई |
- प्रोफेसरों पर उत्पीड़न का आरोप |
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। शारदा विश्वविद्यालय के छात्रावास में बीडीएस छात्रा ज्योति शर्मा की मौत के मामले में शुक्रवार को ज्योति शर्मा के पिता रमेश जांगड़ा ने ग्रेटर नोएडा पहुंचकर एसीपी के सामने अपने बयान दर्ज कराए।
करीब सात पन्नों में दर्ज बयान में उन्होंने मामले से जुड़ी कई अहम जानकारी पुलिस को दी। ज्ञात हो कि 18 जुलाई की रात को बीडीएस छात्रा ज्योति शर्मा ने अपने कमरे में आत्महत्या कर ली थी।
पीड़ित स्वजन का आरोप है कि मामला आत्महत्या नहीं, बल्कि किसी गहरी साजिश का नतीजा है। छात्रा के पिता का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने शुरुआत से ही मामले को दबाने की कोशिश की।
पीड़ित स्वजन ने आरोप लगाया कि जांच में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। मौके से सुसाइड नोट मिला था। जिसमें छात्रा ने दो प्रोफेसरों पर मानसिक उत्पीड़न करने का जिक्र किया था।
छात्रा ज्योति शर्मा सेमेस्टर परीक्षा से पहले असाइनमेंट पर प्रोफेसरों के हस्ताक्षर नहीं करने से आहत थी। पीड़ित स्वजन का आरोप है कि विश्वविद्यालय के दो प्रोफेसर उनकी बेटी पर असाइनमेंट पर फर्जी हस्ताक्षर करने का आरोप लगाते हुए मानसिक उत्पीड़न कर रहे थे।
छात्रा के पिता ने विवि आकर इसके लिए माफी मांगी थी। बावजूद इसके प्रोफेसर कक्षा में पढ़ाई के दौरान छात्रा पर फर्जी हस्ताक्षर करने को लेकर तंज कसते थे। आरोपित प्रोफेसरों ने बेटी को फेल करने की भी धमकी दी थी। पीड़ित स्वजन ने जांच कमेटी के रिपोर्ट न सौंपने पर भी आशंका जताई है।
