Noida: कपड़े के वेयरहाउस में कर्मचारियों को बंधक बनाकर 21 लाख का सामान लूटा, बदमाश गिरफ्तार
एक्सटेंशन एक में कपड़े के वेयरहाउस में कर्मचारियों को बंधक बनाकर बदमाशों ने कपड़े से भरा कैंटर लूट लिया। कैंटर में 21 लाख रुपये के कपड़े थे। जैसे ही लूट की सूचना मिली पुलिस ने बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया।
ग्रेटर नोएडा, जागरण संवाददाता। ईकोटेक एक कोतवाली क्षेत्र स्थित एक्सटेंशन एक में कपड़े के वेयरहाउस में कर्मचारियों को बंधक बनाकर बदमाशों ने कपड़े से भरा कैंटर लूट लिया। कैंटर में 21 लाख रुपये के कपड़े थे। जैसे ही लूट की सूचना मिली पुलिस ने बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया।
कैंटर में लगा हुआ था जीपीएस
कैंटर में जीपीएस लगा हुआ था। पुलिस को पीछा करते देख बदमाशों ने जीपीएस तोड़ दिया। पुलिस ने 22 किलोमीटर तक बदमाशों का पीछा कर लखनावली सीआरपीएफ कैंप के समीप उनको धर दबोचा। दो बदमाश मौके से पकड़े गए जबकि दो भाग गए। पकड़े गए बदमाशों की पहचान राजस्थान भरतपुर के रहने वाले दीपक व मथुरा गोवर्धन के रहने वाले नवीन के रूप में हुई है।
बदमाशों ने कर्मचारी को बनाया बंधक
बदमाशों के कब्जे से लूटा गया कैंटर कपड़े के साथ बरामद किया गया है। विकास ट्रांसपोर्ट एंड कैरियर फैक्ट्री के प्रबंधक योगेश ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि रविवार देर रात दो बजे के करीब कपड़े के वेयरहाउस में चार बदमाश घुसे। बदमाशों ने कर्मचारी जम्मू कश्मीर के रहने वाले ओमकार व सुशील को बंधक बना लिया। दोनों की कनपटी पर पिस्टल सटाकर सामान से भरा कैंटर लूट लिया।
लूटपाट करने के बाद जब बदमाश भागे तो उसी रास्ते पर पुलिस गश्त कर रही थी। पुलिस को गाड़ी संदिग्ध लगी तो पीछा करना शुरू कर दिया। तभी डायल 112 पर भी लूट की सूचना मिली। पुलिस ने कासना, पी थ्री गोलचक्कर, परीचौक, जगतफार्म, दुर्गा गोलचक्कर, सूरजपुर होते हुए सीआरपीएफ कैंप तक बदमाशों का पीछा किया और उनको धर दबोचा।
अधिक बदमाश होने की आशंका
आशंका है कि घटना में शामिल बदमाशों की संख्या चार से अधिक हो सकती है। कर्मचारियों के मुताबिक वेयर हाउस में चार बदमाश घुसे थे। ऐसे में आशंका है कि एक या फिर दो बदमाश बाहर निगरानी पर खड़े होंगे। पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। हालांकि वेयरहाउस में सीसीटीवी नहीं थे।
दीपक चालक निकला मास्टरमाइंड
वेयरहाउस में कपड़े लेकर आने वाली गाड़ियों का चालक दीपक घटना का मास्टरमाइंड निकला। उसने ही अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना तैयार की। वह लूट के कपड़ों को पानीपत में बेचने वाला था। दीपक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डीसीपी ग्रेटर नोएडा साद मियां खां ने बताया कि सूचना मिलने से पहले ही पुलिस ने बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। घटना में शामिल दो अन्य बदमाश अभी फरार है। जल्द ही फरार बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।