विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 27, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bulldozer Action: नोएडा में दो दर्जन दुकानों पर गरजा बुलडोजर, प्राधिकरण की कार्रवाई से मचा हड़कंप

Published: Sun, 27 Jul 2025 09:17 AM (IST)

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने पतवाड़ी गांव के पास सेक्टर 2 और 3 की ग्रीन बेल्ट से एक लाख वर्ग मीटर ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेें ग्रीन बेल्ट में बनी अवैध दुकानों को ध्वस्त करता बुलडोजर । सौ. प्राधिकरण
ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेें ग्रीन बेल्ट में बनी अवैध दुकानों को ध्वस्त करता बुलडोजर । सौ. प्राधिकरण

HighLights

  1. एक लाख वर्ग मीटर जमीन अतिक्रमण से मुक्त
  2. मलवा हटाकर मौके पर पौधरोपण कराया गया

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शनिवार को अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक लाख वर्गमीटर जमीन मुक्त कराई। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पतवाड़ी गांव से सटे सेक्टर 2 और 3 की ग्रीन बेल्ट में अवैध दुकानें बनाई गई थी।

प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर दुकानों को ध्वस्त कर दिया। सुबह छह बजे से शुरू हुई कार्रवाई में दो दर्जन दुकानें ध्वस्त की गईं। प्राधिकरण ने मलवा हटाने के साथ ही पौधरोपण भी शुरू करा दिया है।

ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर रोड पर सेक्टर 2 और 3 से सटी ग्रीन बेल्ट में अतिक्रमण कर आसपास के कुछ लोगों ने दुकानों का निर्माण कर लिया था। ग्रीन बेल्ट पतवाड़ी गांव के खसरा संख्या 663, 668, 670, 725, 729, 730, 739, 740 और 741 आदि की जमीन पर स्थित है।

यहां पर अवैध रूप से ऑटोमोबाइल, एल्युमिनियम वर्क्स और मार्बल की दुकानें चल रहीं थीं। प्राधिकरण की तरफ से इन दुकानों को हटाने के लिए नोटिस जारी की गई , लेकिन कब्जा करने वालों ने दुकानें नहीं हटाईं।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर परियोजना विभाग के महाप्रबंधक एके सिंह के नेतृत्व में उद्यान विभाग और भूलेख विभाग की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में शनिवार सुबह 6 बजे से कार्रवाई शुरू की।

करीब 4 घंटे तक लगातार कार्रवाई करते हुए दो दर्जन दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान एडिशनल सीपी हृदेश कठेरिया, एसीपी वीर सिंह, एसीपी दीक्षा सिंह और एसीपी वर्णिका सिंह, कोतवाली पुलिस मौजूद रहे।

आठ जेसीबी और डंपर लगाकर मलवा हटाने की कार्रवाई की गई। प्राधिकरण का दावा है कि यह कार्रवाई ग्रीन बेल्ट में अतिक्रमण के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी है। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अतिक्रमण हटाने गई टीम और नोएडा पुलिस की सराहना की है।

एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने चेतावनी दी है कि ग्रीन बेल्ट में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। अतिक्रमण करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जनमानस से अपील की है कि ग्रेटर नोएडा में कहीं भी, किसी भी तरह की संपत्ति खरीदने या किराए पर लेने से पहले प्राधिकरण से जानकारी अवश्य कर लें, कि वह संपत्ति अनधिकृत तो नहीं है।

ओएसडी गुंजा सिंह ने बताया कि अतिक्रमण से मुक्त जमीन पर पौधरोपण शुरू कर दिया गया है। अतिक्रमण की कार्रवाई में ओएसडी भूलेख रामनयन सिंह, डीजीएम उद्यान संजय कुमार जैन, वरिष्ठ प्रबंधक चेतराम सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम, वरिष्ठ प्रबंधक पीपी मिश्र, सहायक निदेशक उद्यान बुद्ध विलास, प्रबंधक प्रशांत समाधिया व प्रबंधक मिथिलेश कुमार आदि शामिल रहे।