परिवार की महिलाओं से अभद्रता करने पर की थी भाई की हत्या, पुलिस ने किया गिरफ्तार
युवक परिवार की महिलाओं से अभद्रता करता था। इससे परेशान होकर आरोपित ने भाई की हत्या कर दी।
ग्रेटर नोएडा [प्रवीण सिंह]। बिसरख गांव में रहने वाले युवक की हत्या उसके छोटे भाई ने ही की थी। आरोप है कि युवक परिवार की महिलाओं से अभद्रता करता था। परेशान होकर आरोपित ने भाई की हत्या कर दी। आरोपित की पत्नी पर युवक की बुरी नजर थी। हत्या के बाद शव को घर से दो सौ मीटर दूर फेंक दिया था। जानवरों ने शव को बुरी तरह से नोंच भी लिया था। पुलिस ने आरोपित को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया वहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
घर के समीप मिला था शव
डीसीपी सेंट्रल नोएडा हरीश चंदर ने बताया कि बिसरख गांव में रहने वाले भीष्म की कुछ दिन पहले हत्या कर दी गई थी। उसका शव गांव में ही घर के समीप मिला था। मामले में दयानंद ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जब युवक का शव मिला तो उसके दो दिन पहले से वह गायब था।
भीष्म का भाई हुआ गिरफ्तार
बिसरख कोतवाली प्रभारी मुनीष चौहान की टीम ने हत्या के मामले का पर्दाफाश कर भीष्म के भाई दीपक को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया है कि भीष्म चार भाई थे। उसके छोटे भाई की तीन साल पहले हत्या हो चुकी थी। उस मामले में भीष्म गवाह था। इस वजह से उसने शादी नहीं की थी। वह पिछले 12 सालों से ग्रेटर नोएडा में किराए पर रह रहा था। भीष्म का भाई आरोपित दीपक भी गांव में अपनी पत्नी के साथ रहता था।
शराब पीकर घर की महिलाओं से करता था अभ्रदता
आरोपित ने बताया कि उसका भाई भीष्म अक्सर शराब पीकर घर की महिलाओं से अभद्रता करता था। इस वजह से उसने घटना वाले दिन भाई को शराब पिलाई और उसके बाद चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी थी। आरोपित मूल रूप से मेरठ के किठौर का रहने वाला है।