प्रियंका का कुर्ता पकड़ने की घटना की जांच शुरू, पुलिस ने जताया खेद
कांग्रेस के डॉ. नितिन राउत के ट्वीट पर नोएडा पुलिस ने ट्विटर पर दिए जवाब में कहा है कि इस घटना के लिए खेद है जो बहुत भारी भीड़ में स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान घटित हुई है। हम प्रियंका गांधी वाड्रा से भी खेद प्रकट करते हैं।
नोएडा, जागरण संवाददाता। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का कुर्ता पकड़े तस्वीर वायरल होने पर नोएडा पुलिस ने संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है। नोएडा पुलिस ने ट्विटर पर यूपी पुलिस को टैग की गई प्रियंका की उस फोटो पर खेद जताया है, जिसमें एक पुलिसकर्मी उनका कुर्ता पकड़े दिख रहा है।
ट्विटर पर कहा - बहुत भारी भीड़ थी जिसको नियंत्रित करने के दौरान हुई घटना
कांग्रेस के डॉ. नितिन राउत के ट्वीट पर नोएडा पुलिस ने ट्विटर पर दिए जवाब में कहा है कि इस घटना के लिए खेद है, जो बहुत भारी भीड़ में स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान घटित हुई है। हम प्रियंका गांधी वाड्रा से भी खेद प्रकट करते हैं।
पुलिस उपायुक्त मुख्यालय ने लिया संज्ञान
पुलिस उपायुक्त मुख्यालय द्वारा इस प्रकरण का स्वयं संज्ञान लिया गया है। वरिष्ठ महिला पुलिस अधिकारी द्वारा जांच की जा रही है। जांच के बाद दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित होगी। हम महिलाओं के पूर्ण सम्मान के लिए कटिबद्ध हैं।
राष्ट्रीय महिला आयोग से शिकायत
उधर, अलीगढ़ निवासी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व अधिवक्ता ब्रजमोहन शर्मा की ओर से राष्ट्रीय महिला आयोग से शिकायत की गई है। शिकायत में कहा गया है कि नोएडा में कांग्रेसियों पर लाठीचार्ज के दौरान पुलिसकर्मी के कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी प्रियंका के कपड़े खींचे। मांग की है कि जिस पुरुष पुलिसकर्मी ने मर्यादा लांघते हुए ऐसा कृत्य किया, उस पर मुकदमा दर्ज कर बर्खास्त किया जाए।
हाथरस में पीड़िता के परिवार से मिलने आ रहे थे राहुल और प्रियंका गांधी
आयोग को भेजे पत्र में कहा है कि तीन अक्टूबर को डीएनडी पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी कार्यकर्ताओं के साथ हाथरस आ रहे थे, तभी पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुरुष पुलिसकर्मी ने प्रियंका के कपड़े पकड़ते हुए धकिया दिया था।
दिल्ली-एनसीआर की खबरों को पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो