ग्रेटर नोएडा : अलाव व कंबल से गरीबों को ठंड से मिलेगी राहत
पिछले कुछ दिनों से हवा चलने के कारण ठंड बढ़ गई है। ठंड के कारण सूरज की गर्मी का असर भी कम हो गया है। लोगों ने ठंड के पूरे कपड़े निकाल लिए हैं। बहुत से गरीब परिवार हैं जिनके लिए ठंड में मुश्किल बढ़ जाती है।
ग्रेटर नोएडा [मनीष]। ठंड का असर दिखना शुरू हो गया है। तापमान गिरने के साथ ही लोगों को ठंड सताने लगी है। ऐसे में सड़क पर रात गुजारने वाले आम आदमी की परेशानी बढ़ गई है। ऐसे लोगों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन ने अलाव जलवाना शुरू कर दिया है। ठंड से बचाव के लिए कंबल का वितरण भी किया जाएगा। प्रशासन ने कंबल मंगा लिए गए हैं, वितरण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
पिछले कुछ दिनों से हवा चलने के कारण ठंड बढ़ गई है। ठंड के कारण सूरज की गर्मी का असर भी कम हो गया है। लोगों ने ठंड के पूरे कपड़े निकाल लिए हैं। बहुत से गरीब परिवार हैं जिनके लिए ठंड में मुश्किल बढ़ जाती है। गर्मी के मौसम में वह खुले आसमान के नीचे कहीं पर भी सो कर रात काट लेते हैं, लेकिन ठंड में मुश्किल होती है। ठंड की शुरुआत के साथ ही उनके सामने समस्या खड़ी होने लगी है।
गरीब लोगों की सुविधा को देखते हुए अलाज जलाने के लिए सरकार ने जिला प्रशासन को बजट आवंटित किया था। तीनों तहसील में अलाव जलाने के लिए पचास-पचास हजार रुपये दिए गए थे। साथ ही कंबल वितरण के लिए पंद्रह लाख रुपये दिए थे। ठंड को देखते हुए प्रशासन ने तीनों तहसील में अलाव जलवाना शुरू कर दिया है। जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सके। जब तक अधिक ठंड रहेगी अलाव निरंतर जलेंगे।
एजेंसी का चयन कर कंबल भी मंगा लिए गए हैं। अलग-अलग तिथियों पर तीनों तहसील में गरीब लोगों को कंबल का वितरण किया जाएगा। यदि बजट कम पड़ता है और जिला प्रशासन सरकार से अतिरिक्त बजट की मांग करेगा। एडीएम वित्त एमएन उपाध्याय ने बताया कि तीनों तहसील व नगर पालिका क्षेत्र में अलाव जलना शुरू हो गया है। कंबल आ गए हैं। उनका वितरण जल्द शुरू होगा।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो