विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 22, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Noida News: चीनी नागरिकों को गाजियाबाद का युवक सप्लाई करता था नार्थ ईस्ट की लड़कियां

By Abhishek TiwariEdited By:
Published: Wed, 22 Jun 2022 08:57 AM (IST)

Noida News बीते 11 जून को नेपाल बार्डर पर बिहार के सीतामढ़ी क्षेत्र में एसएसबी ने दो चीनी नागरिकों लु ...और पढ़ें

चीनी नागरिकों को गाजियाबाद का युवक सप्लाई करता था नार्थ ईस्ट की लड़कियां
चीनी नागरिकों को गाजियाबाद का युवक सप्लाई करता था नार्थ ईस्ट की लड़कियां

ग्रेटर नोएडा [प्रवीण विक्रम सिंह]। जासूसी के शक में पकड़े गए चीनी नागरिक सु फाइ के ग्रेटर नोएडा के घरबरा गांव स्थित शराब के अवैध अड्डे पर नार्थ ईस्ट की लड़कियां लाई जाती थीं। उनसे जिस्मफरोशी करवाई जाती थी। लड़कियों की सप्लाई गाजियाबाद के इंदिरापुरम का पुष्पेंद्र कुमार करता था।

पुष्पेंद्र का एक फ्लैट ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौर सिटी सोसायटी में भी है। पुलिस को फ्लैट नंबर का पता अभी नहीं चल पाया है। पुष्पेंद्र का मोबाइल सु फाइ के पकड़े जाने के बाद से स्विच आफ है। खुफिया एजेंसियों की जांच में पुष्टि हुई है कि चीनी नागरिकों के अवैध अड्डे के तार गाजियाबाद और गुरुग्राम से जुड़े हैं।

गुरुग्राम से अशोक नाम का व्यक्ति लड़कियों को कभी-कभी ग्रेटर नोएडा स्थित अवैध अड्डे पर भेजता था। पुष्पेंद्र और अशोक दोनों के ठिकानों पर पुलिस ने दबिश दी है, लेकिन दोनों फरार हैं। पुलिस ने जांच के दौरान सु फाइ के भारतीय दोस्त व बिजनेस पार्टनर रविकुमार नटवरलाल के फ्लैट में दबिश दी है। फ्लैट नोएडा स्थित एडवांट बिल्डिंग के समीप है।

सूत्रों ने दावा किया है कि फ्लैट में करीब चार सौ जोड़ी जूते पुलिस को मिले हैं। सभी दस नंबर के हैं। एक जोड़ी जूते की कीमत 30 से 50 हजार के करीब बताई गई है। ऐसे में एक करोड़ से अधिक के जूते फ्लैट में मिलना इस ओर इशारा कर रहा है कि सु फाइ व रविकुमार अवैध कार्यों में लिप्त हैं।

खुफिया एजेंसी को मिला इनपुट

खुफिया एजेंसियों को इनपुट मिला है कि कोरोना काल के बाद चीनी नागरिक अपने देश नहीं लौटे हैं। कोरोना काल के दौरान फ्लाइट बंद हो गई थी। जिनकी वीजा अवधि समाप्त हो गई थी, वे नियमों की अनदेखी कर रह रहे हैं। कई ऐसे चीनी नागरिक हैं जिनका वीजा का समय समाप्त हो गया है, लेकिन वह ग्रेटर नोएडा में रह रहे हैं। ऐसे नागरिकों की तलाश शुरू कब की जाएगी, यह अभी तय नहीं हो पाया है।

गूगल सर्च में पता चली जूतों की कीमत

पुलिस ने रविकुमार नटवरलाल के फ्लैट पर दबिश के दौरान वहां मिले जूतों की कीमत की जानकारी जुटाने के लिए गूगल पर सर्च किया। उस पर पुलिस यह देखकर हैरान रह गई कि जिस कंपनी के जूते फ्लैट में मिले हैं, उनकी एक जोड़ी जूते की कीमत 30 से 50 हजार के करीब दर्शाई गई है।

मजांग गेम खेला जाता था

पुलिस को घरबरा गांव स्थित शराब के अवैध अड्डे से करीब दस से पंद्रह टेडी बियर मिले हैं। पुलिस को जांच करने पर पता चला है कि इनका प्रयोग मजांग गेम खेलने के लिए किया जाता था। मजांग गेम अवैध माना जाता है। पुलिस को यहां कुछ और भी जानकारी मिली है।

बिहार के सीतामढ़ी क्षेत्र में पकड़े गए थे दो चीनी नागरिक

बीते 11 जून को नेपाल बार्डर पर बिहार के सीतामढ़ी क्षेत्र में एसएसबी ने दो चीनी नागरिकों लु लैंग और तो यूं हेलंग को पकड़ा था। दोनों 18 दिनों तक ग्रेटर नोएडा के घरबरा गांव स्थित अवैध शराब के अड्डे व जेपी ग्रींस सोसायटी में रहे थे।

दोनों को भारत में पनाह चीनी नागरिक सु फाइ व उसकी महिला मित्र नगालैंड निवासी पेटेख रेनुओ ने दी थी। पनाह देने वालों को ग्रेटर नोएडा पुलिस ने पकड़ा तो पता चला कि सु फाइ अवैध रूप से भारत में रह रहा था, उसकी वीजा अवधि वर्ष 2020 में समाप्त हो गई थी। सु फाइ के कब्जे से कई फर्जी दस्तावेज बरामद हुए जो कि देश सुरक्षा में सेंध लगा रहे थे।