यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 22, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नोएडा से JDU नेता के बेटे का अपहरण, 5 लाख की फिरौती मांगी; दिल्ली से लेकर बिहार तक हड़कंप
Noida Crime News ग्रेटर नोएडा के परीचौक के पास से बदमाशों ने जनता दल यूनाइटेड के पूर्व जिला अध्यक्ष के ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा, जागरण संवाददाता। बिहार के बांका जिले के जनता दल यूनाइटेड (Janata Dal United) के पूर्व जिला अध्यक्ष मेहराज खान के बेटे दिलवर खान का परीचौक के समीप से बदमाशों ने अपहरण कर लिया। बदमाशों ने पांच लाख रुपये की फिरौती की मांग की है।
पुलिस की जांच में पता चला है कि पूर्व जिला अध्यक्ष मेहराज खान का बेटा दिलवर खान इस बार जिला पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ा था। वह पहली बार नोएडा और दिल्ली घूमने आया था। इसी दौरान रेकी कर उसका अपहरण कर लिया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। बदमाशों की लोकेशन के आधार पर पुलिस उनका पीछा कर रही है। आशंका व्यक्त की गई है कि किसी परिचित ने ही अपहरण कांड को अंजाम दिया है।
हुक्का बार का भंडाफोड़, पकड़े गए 20 से ज्यादा युवक-युवतियां
उधर, ग्रेटर नोएडा में नालेज पार्क कोतवाली क्षेत्र के अंसल प्लाजा माल में चल रहे हुक्का बार का भंडाफोड़ किया गया है। यहां से 20 से ज्यादा युवक और युवतियों को पकड़ा गया।
अपहृत बच्चे को पुलिस ने 7 घंटे में किया सकुशल बरामद
एक अन्य मामले में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी। पुलिस ने ग्रेटर नोएडा के बीटा दो कोतवाली पुलिस ने सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गामा दो सेक्टर से अपहृत बच्चे को बुलंदशहर से सकुशल बरामद कर आरोपित प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित ने फिरौती वसूलने की योजना से बच्चे का अपहरण किया था। घटना का पर्दाफाश करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने का ऐलान किया गया है। इस बच्चे का अपहरण शनिवार रात को गामा दो सेक्टर के गेट नंबर एक के पास से किया गया था।
