दीपावली पर बेटे को उपहार देने के लिए भूख हड़ताल पर बैठा पिता, Noida News
महिला का कहना है कि कोर्ट ने उसके पति को बच्चे से मिलने देने से मना किया है इसलिए वह बच्चे को मिलने नहीं दे रही है। फिलहाल महिला से विनती करके बच्चे को पिता से मिलने देने की अपील की गई है।
नोएडा [मोहम्मद बिलाल]। दीपावली पर एक पिता को अपने बच्चे को उपहार देने के लिए भूख हड़ताल पर बैठना पड़ा है। सूचना पर पहुंची नोएडा पुलिस ने भूख हड़ताल पर बैठे व्यक्ति को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह धरना पर बैठा हुआ है। दीपावली पर बच्चे से मिलने की जिद लेकर भूख हड़ताल से नहीं उठने की चेतावनी दी है।
मूलरूप से बुलंदशहर निवासी राहुल गुप्ता (36) सेक्टर-105 में रहते हैं और पेशे से इंटीरियर डिजाइनर हैं। उनकी शादी दिल्ली निवासी दीप्ति अरोरा (34) से वर्ष 2009 में हुई थी। पत्नी दिल्ली स्थित एक कॉलेज में लाइब्रेरियन है। शादी के बाद कुछ वर्ष उन्हें एक बेटा हुआ। बेटा होने के बाद पत्नी का उनके साथ विवाद शुरू हो गया और दोनों लोग अलग रहने लगे। दोनों ने तलाक के लिए कोर्ट में अर्जी दी। तलाक से पूर्व कोर्ट ने बेटे को पत्नी के पास ही रहने का आदेश दिया और उन्हें सप्ताह में एक दिन रविवार को बेटे से मिलने की अनुमति दी। कोर्ट का आदेश मानते हुए वह प्रति सप्ताह बच्चे से मिलते रहते हैं। ऐसा आठ वर्ष से चल रहा है, लेकिन पिछले कुछ महीने से पत्नी बेटे से मिलने नहीं दे रही है।
दीपावली के पर्व पर भी उसने बेटे से मिलने से मना किया है। इस बात को लेकर ही उन्हें सेक्टर-100 स्थित सेंचुरी अपार्टमेंट में बेटे के साथ रही रहने वाली पत्नी के घर के बाहर धरने पर बैठना पड़ा है। जबतक पत्नी बेटे से मिलने नहीं देती वह भूख हड़ताल पर बैठेंगे। वह दीपावली के पर्व पर बच्चे से मिलकर उसे उपहार और कुछ कपड़े देना चाहते हैं।
उधर, कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में है। महिला का कहना है कि कोर्ट ने उसके पति को बच्चे से मिलने देने से मना किया है, इसलिए वह बच्चे को मिलने नहीं दे रही है। फिलहाल महिला से विनती करके बच्चे को पिता से मिलने देने की अपील की गई है। व्यक्ति को भूख हड़ताल से उठाने का प्रयास किया जा रहा है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो