Delhi Noida Weather Forecast: NCR के लिए मौसम विभाग का अलर्ट, 6 मई तक आंधी संग बारिश के आसार
Delhi Noida Weather Forecast भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ( India Meteorological Department) आगामी तीन दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। छह मई तक आंधी संग बारिश हो सकती है।
नोएडा [मोहम्मद बिलाल]। Delhi Noida Weather Forecast: आने वाले आगामी 3 दिन के दौरान यानी 6 मई तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा के साथ दिल्ली और हरियाणा के गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और रेवाड़ी में मौसम फिर पलटी खाने वाला है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ( India Meteorological Department) आगामी तीन दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। छह मई तक आंधी संग बारिश हो सकती है। इससे पहले शनिवार रात तेज हवाएं चलीं। जिसके बाद रविवार को कई जगहों पर आंधी संग बारिश हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम दर्ज किया गया। इससे लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की।
मौसम विभाग के मुताबिक तापमान में लगातार आर्द्रता बढ़ रही है, जिससे मौसम का मिजाज भी बदल रहा है। रविवार को सुबह से बदली छाई रही। दोपहर में आसमान में काले बादल छा गए। जबकि शाम होते होते मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाएं चलने लगी। जिसके बाद हल्की बारिश हुई। इससे अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री दर्ज किया गया।
वहीं न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता का स्तर 72 से 93 फीसद के बीच दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में 1.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। छह मई तक आंधी संग बारिश हो सकती है। बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश की आशंका है।
उधर स्काइमेट वेदर के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते तापमान में आर्द्रता बढ़ रही है। जिससे लगातार बारिश हो रही है। मगर यह कुछ समय के लिए ही होती है। मई के शुरुआती हफ्ते में मौसम पलटी मारने जा रहा है। यह तीन-चार दिनों तक जारी रहेगा। चार-पांच मई को मेरठ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश के आसार हैं। कुछ स्थानों पर इस दौरान तेज बारिश हो सकती है। मौसम के इस बदलाव से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी है। पंजाब और हरियाणा के ऊपर बन रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते ही मौसम में तब्दीली हुई है।