यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 15, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Noida News: नोएडा के एक नाले में मिला 30 वर्षीय युवक का शव, हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस
नोएडा के भारत चौक के पास नाले में 30 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। मृतक के शरीर पर चोट ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, नोएडा। कोतवाली फेज-वन क्षेत्र के सेक्टर आठ स्थित भारत चौक के पास नाले में 30 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आया है कि युवक की मौत पानी में डूबने से हुई है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं थे, लेकिन स्थानीय लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं।
नाले में मिला युवक का शव
पुलिस के मुताबिक, भारत चौक के पास नाले में एक अज्ञात व्यक्ति का शव राहगीर ने देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मृतक की पहचान दिल्ली अशोक नगर के राकेश प्रसाद के रूप में हुई। उसकी शादी नहीं हुई थी। राकेश माता-पिता के साथ रहता था। बीते दिनों वह किसी काम से नोएडा आया और संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में गिर गया। युवक नाले में कैसे गिरा, इसकी जानकारी के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।
मशीन की चपेट में आया श्रमिक
कोतवाली सेक्टर-58 क्षेत्र के सेक्टर-58 स्थित फैक्ट्री में काम करने के दौरान मशीन की चपेट में आने से श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। साथियों ने घायल को नजदीक के अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। चिकित्सकों ने घायल को देखते ही मृत घोषित कर दिया। उसके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्से में चोट के निशान थे। कोतवाली प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि ओडिशा का 34 वर्षीय रंजीत नायक बी-ब्लाक स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था।
रविवार को वह काम कर रहा था, उसी समय मशीन की चपेट में आने से उसे चोट लग गई। रंजीत को अत्यंत गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। मृतक के स्वजन को हादसे की जानकारी दे दी गई है। इस संबंध में मृतक के स्वजन ने अभी तक थाने में शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही जा रही है।
