Coronavirus: नोएडा में कोरोना का एक और मरीज आया सामने, पूरी सोसायटी सील
दिल्ली से सटे नोएडा में कोरोना संक्रमण का एक और मामला सामने आया है। नोएडा के सेक्टर 137 में स्थित सोसाइटी में कोरोना संक्रमित व्यक्ति मिला है।
नोएडा [ मनीष तिवारी/आशीष धामा]। जिले में 24 घंटों के अंदर तीन कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आ चुके हैं। वहीं इसी के साथ जिले में कुल मरीजों की संख्या 11 हो गई है। मरीजों को ग्रेनो स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में बने आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। इनमें दंपती सेक्टर-137 स्थित लॉजिक्स ब्लॉसम सोसायटी और तीसरा ग्रेनो के जीटा-1 सेक्टर का रहने वाला है। स्वास्थ्य विभाग ने इन मरीजों के संपर्क में आए 20 से ज्यादा लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे हैं। वहीं इस समय नोएडा में प्रदेश के अन्य जिलों से ज्यादा मरीज है।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-137 स्थित लॉजिक्स ब्लॉसम में रहने वाली 47 वर्षीय महिला दिल्ली की एक कंपनी में काम करती है। कंपनी में करीब सप्ताहभर पहले लंदन से ऑडिटर आया था और करीब तीन दिनों तक कंपनी के कर्मचारियों के साथ ही रहा। सीएमओ डॉ. अनुराग भार्गव ने बताया कि महिला उसी के संपर्क में आकर वायरस की चपेट में आई। जिसके बाद पत्नी से पति वायरस से संक्रमित हो गया। दंपती मरीजों को जिम्स में बने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। लंदन से लौटे व्यक्ति से कंपनी के महिला मरीज समेत 19 लोग संपर्क में रहे थे।
इसके अलावा तीसरा मरीज ग्रेटर नोएडा के सेक्टर जीटा 1 का रहने वाला है। युवक साउथ कोरिया से 18 मार्च को संक्रमित होकर लौटा था। यह तभी से ही क्वारंटाइन वार्ड में था। वहीं अब इनके संपर्क में आए 38 लोगों का नमूना लिया जाएगा। उन्हें क्वारंटाइन वार्ड में रखा गया है। वहीं डीएम बीएन सिंह ने पॉजिटिव पुष्टि होते ही तीनों सोसायटियों को अस्थाई रूप से सील कर वहां सैनिटाइजेशन का काम पूर्ण कर दिया है।
लंदन से आए व्यक्ति की वजह से संक्रमित हुई महिला
मिली जानकारी के मुताबिक, लंदन से आये एक व्यक्ति के संपर्क में आने से महिला संक्रमित हो गई। जांच रिपोर्ट में वह कोरोना पॉजिटिव निकली। सेक्टर 135 के लोगिक्स ब्लॉसम में रहने वाली महिला एक कंपनी में काम करती है। दो दिन पहले ही महिला की जांच की गई थी। स्वास्थ्य विभाग ने पीड़ित महिला के पति और बेटी का भी सैंपल लिया है। दोनों को क्वारंटाइन में रखा गया है।
जिला प्रशासन की तरफ से जारी आदेश के अनुसार, सोसायटी को दो दिन के लिए अस्थायी तौर पर सील कर दिया गया है। इस दौरान संबंधित सोसायटी के लोगों को घरों से बाहर निकलने की इजाजत नहीं है। अगर कोई इसका उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
कोरोना संक्रमित मिलने पर निराला सोसायटी सील
इससे पहले ग्रेटर नोएडा वेस्ट की निराला ग्रीन शायर ग्रुप हाउसिंग सोसायटी में रहने वाले दो लोगों में संक्रमण पाया गया था। दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से जिलाधिकारी बीएन सिंह ने सोसायटी को 25 मार्च तक के लिए सील कर दिया है।
सोसायटी में रहने वाले एक परिवार का सदस्य कुछ दिन पूर्व विदेश से लौटा था। परिवार के सदस्यों में संक्रमण की जांच कराई गई थी। जांच रिपोर्ट में मां व बेटे की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, इसके बाद प्रशासन सतर्क हो गया। जिलाधिकारी ने सोमवार सुबह करीब 10 बजे सोसायटी को दो दिन के लिए सील करने का आदेश दिया।
एसडीएम राजीव राय ने बताया कि सोसायटी को अस्थायी रूप से सील किया गया है। दो दिन तक सोसायटी के लोगों को आवश्यक काम से ही बाहर जाने की इजाजत दी जाएगी। सोसायटी के लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, जिला प्रशासन इसका ध्यान रखेगा। एसडीएम ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से सोसायटी को सैनिटाइज कराया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।