Coronavirus Cases in Noida: नोए़डा में मिले कोरोना के 48 नए मामले, मरीजों की संख्या पहुंची 453
Coronavirus Cases in Noida पहली बार 24 घंटे के दौरान 48 कोरोना के मरीज मिलने के बाद जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
नोएडा [आशीष धामा]। Coronavirus Cases in Noida: दिल्ली से सटे गौतमबुद्धनगर जिले में कोरोना वायरस ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। एक दिन में 48 कोरोना के मरीज मिलने के बाद जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। रविवार शाम 4 बजे तक जिले में 9 कोरोना मरीज थे, लेकिन एनआइबी से प्राप्त हुई दूसरे चरण की 51 रिपोर्ट में 39 पॉजिटिव निकले। इनमें 21 मरीजों में साधारण फ्लू के लक्षण थे। सभी मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करने की तैयारी की जा रही है। इसी के साथ अब जिले में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 453 हो गया है। इनमें 294 मरीज ठीक हो चुके और सात की मौत हो चुकी है। फिलहाल एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 152 हो गया है।
सीएमओ डॉ. दीपक ओहरी ने बताया कि रविवार को चार बजे तक 9 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें पांच मरीजों में वायरस के संक्रमण का कारण सेक्टर-16 स्थित एक निजी कंपनी है। शेष 4 मरीज नोएडा-ग्रेटर नोएडा के विभिन्न इलाकों में मिले हैं। इनमें 23 वर्षीय युवक सेक्टर-63, 26 वर्षीय युवक सेक्टर-36, 27 वर्षीय युवती गौर सिटी और 55 वर्षीय व्यक्ति ग्रेनो के छिछली गांव में मिला है।
वहीं देर रात दूसरे चरण की 51 रिपोर्ट प्राप्त हुई, इनमें 39 मरीज पॉजिटिव मिलने से विभागीय अधिकारियों के होश उड़ गए। इसी के साथ रविवार को मिलने वाले मरीजों की संख्या 48 हो गई है। यह एक दिन में सबसे अधिक मरीज मिलने का आंकड़ा है।
इससे पूर्व ओप्पो कंपनी समेत विभिन्न इलाकों में 31 मरीज मिले थे। पॉजिटिव मरीजों में 21 मरीजों की जांच साधारण फ्लू के लक्षण मिलने पर हुई थी। इसके अलावा 9 मरीजों में संक्रमण का कारण पुराने मरीज है। पांच मरीज एक ही परिवार के है। इनके रिश्तेदार दिल्ली के अस्पताल में भर्ती हैं। ये सभी सेक्टर-48 के रहने वाले हैं।
इसके अलावा सेक्टर-9 निवासी एक एएनसी लेडी भी संक्रमित मिली है। सेक्टर-55 निवासी एक व्यक्ति इलेक्टिव सर्जरी कराने के दौरान पॉजिटिव हुआ। तुगलपुर निवासी कैंसर पीड़ित और हौशियारपुर निवासी हाइपरटेंशन रोगी में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। सभी मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया गया है। इनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
बता दें कि कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग कैंप आयोजित कर रहा है। रविवार को भी संवेदनशील इलाकों में हेल्थ कैंप आयोजित किया गया। इनमें हरौला, सरफाबाद, सेक्टर-8,9 व 10 मुख्य केंद्र रहे। चिकित्सकों ने पीपीई किट पहन 527 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। इनमें 17 लोगों में बुखार के लक्षण मिले, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
कोरोना मीटर
ताजा नए मामले: 48
एक दिन पहले के नए मामले : 18