बिग बॉस विनर आशुतोष कौशिक ने शादी के लिए जमा रकम को किया पीएम केयर्स फंड में दान
बिगबॉस विनर और एमटीवी रोडीज-5 जीतकर तहलका मचाने वाले आशुतोष कौशिक ने लॉकडाउन के बीच अपनी शादी रचाई।
नोएडा, जागरण संवाददाता। बिगबॉस विनर और 'एमटीवी रोडीज-5' जीतकर तहलका मचाने वाले आशुतोष कौशिक ने लॉकडाउन के बीच अपनी शादी रचाई। वे रविवार को सेक्टर 100 में अलीगढ़ की रहने वाली अर्पिता के साथ शादी के बंधन में बंध गए। साथ ही शादी में खर्च होने वाली राशि को पीएम केयर फंड में जमा किया। सादगी से हुई शादी में उनके अलावा केवल चार-पांच लोग मौजूद रहे। इसमें आशुतोष की मां और उनकी बहन शामिल हुईं। वहीं, अर्पिता की तरफ से भी मां और उनकी बहन शादी के कार्यक्रम में शामिल हुईं।
शादी की वीडियो और फोटो शेयर कर दी जानकारी
आशुतोष ने फेसबुक के जरिए कुछ वीडियो और फोटो शेयर कर जानकारी दी। अलीगढ़ की रहने वाली अर्पिता संग सात फेरे लेते आशुतोष कौशिक के इस वीडियो में शादी की सादगी साफ दिखाई दे रही है।आशुतोष द्वारा शादी के लिए जमा की रकम पीएम केयर्स फंड में डोनेट करने के इस फैसले की लोग काफी सराहना कर रहे हैं।
सादगीपूर्ण तरीके से शादी करने का फैसला
दैनिक जागरण से बातचीत के दौरान सहारनपुर के रहने वाले आशुतोष ने बताया कि देश में महामारी का प्रकोप फैलने के चलते उन्होंने सादगीपूर्ण तरीके से शादी करने का फैसला लिया। भीड़- भाड़ और ढोल-नगाड़े को छोड़ लॉकडाउन के नियमों का पूरी तरह पालन किया। इसके साथ ही शादी में खर्च करने की बजाय इस पैसे को पीएम केयर फंड में कोरोना की लड़ाई के लिए दान किया।
इधर, नोएडा में कोरोना का कहर जारी है। हालांकि प्रशासन इसका काफी मुस्तैदी से सामना कर रहा है। स्थानीय लोग भी लॉकडाउन का पालन कर इस कोरोना के संक्रमण को रोकने में लगे हैं। हॉट स्पॉट बना कर मरीजों को आइसोलेट किया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द लोग ठीक हो जाएं और उनके संक्रमण की चेन टूट सके।