सोमवार को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक एक्वा लाइन मेट्रो, सिटी बस का संचालन रहेगा बंद
रविवार को एक्वा मेट्रो व सिटी बस सर्विस का संचालन नहीं करने का फैसला लिया है। सोमवार को इसकी टाइमिंग और क्षमता में बदलाव किया गया है।
नोएडा (कुंदन तिवारी)। कोरोना संक्रमण (कोविड-19) के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नोएडा मेट्रो रेल कारपोरेशन (एनएमआरसी) ने अपनी सेवाओं में बदलाव किया है। रविवार को एक्वा मेट्रो व सिटी बस सर्विस का संचालन नहीं करने का फैसला लिया है। सोमवार को इसकी टाइमिंग और क्षमता में बदलाव किया गया है। सुबह दस से शाम चार बजे तक एक्वा मेट्रो, सिटी बस सेवा का संचालन नहीं किया जाएगा। इन दोनों सेवाओं को बंद रखा जाएगा। यह नियम सिर्फ सोमवार के लिए है।
एनएमआरसी प्रवक्ता ने बताया कि रविवार के जनता कर्फ्यू के बाद सोमवार सुबह छह से आठ बजे तक मेट्रो व सिटी बस के बीच का अंतराल प्रत्येक 20 मिनट का होगा। सुबह आठ से दस बजे तक प्रत्येक मेट्रो व बस के बीच का अंतराल 7.5 मिनट का होगा।
इसके बाद सुबह दस से शाम चार बजे तक मेट्रो व सिटी बस सेवा का संचालन नहीं किया जाएगा। शाम चार से रात 8 बजे तक 7.5 मिनट के अंतराल पर बस व मेट्रो सेवा मिलेगी। रात आठ बजे अंतिम मेट्रो एक्वा लाइन से मिलेगी।
एनएमआरसी ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि सिर्फ जरूरत होने पर ही मेट्रो व बस का प्रयोग करें। यात्रा के दौरान एक मीटर का गैप बनाकर रखा जाए। एक सीट छोड़कर बैठा जाए और मेट्रो में खड़े होकर यात्रा करने पर प्रतिबंध रहेगा।