रक्षाबंधन पर आवाजाही रहेगी आसान, नोएडा डिपो से मेरठ, अलीगढ़ और आगरा के लिए चलेंगी अतिरिक्त बसें
Noida Bus Service रक्षाबंधन पर आवाजाही आसान बनाने के लिए नोएडा डिपो से मेरठ बिजनौर बुलंदशहर अलीगढ़ आगरा बरेली मुरादाबाद समेत अन्य रूट के लिए अतिरिक्त बसें चलेंगी। इससे यात्रियों को किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
नोएडा, जागरण संवाददाता। रक्षाबंधन के पर्व को लेकर परिवहन विभाग ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नोएडा डिपो से बसों के 30 प्रतिशत फेरे बढ़ाए गए हैं। बुधवार रात 12 बजे से शुक्रवार रात 12 बजे तक 42 अतिरिक्त बस चलेंगी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक एनपी सिंह ने बताया कि सभी कर्मचारियों की छुट्टी निरस्त कर दी गई है। इसके साथ ही 40 प्रतिशत रिजर्व स्टाफ को भी लगाया गया है, ताकि किसी को परेशानी न हो। इसके अलावा व्यस्त रूट पर अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं। अगर किसी रूट पर यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी।
रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में बहनें भाइयों को राखी बांधने जाती हैं। नोएडा डिपो से मेरठ, बिजनौर, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, बरेली, मुरादाबाद समेत अन्य रूट के लिए बसें चलती है। सभी रूट पर 10 से 15 मिनट के अंतराल पर बस उपलब्ध रहेंगी। क्षेत्रीय प्रबंधन ने बताया कि हमारा प्रयास है कि किसी भी यात्री को इस दौरान असुविधा का सामना न करना पड़े।
बुधवार शाम को यात्रियों की रही भारी भीड़
सेक्टर-35 मोरना स्थित बस डिपो पर बुधवार शाम से ही यात्रियों की आवाजाही शुरू हो गई थी। बसों में काफी भीड़ रही। लोगों को बस के लिए इंतजार करना पड़ा। दूर के रूट पर जाने वाले यात्री शाम से ही डिपो पहुंचने शुरू हो गए। डिपो के स्तर पर बुधवार रात 12 बजे से अतिरिक्त बसें शुरू की गई हैं।