नोएडा एयरपोर्ट के पास जमीन चाहती है मध्य प्रदेश सरकार, इलाहाबाद HC भी कर चुका है मांग; जल्द होगा फैसला
मध्य प्रदेश शासन ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास यमुना प्राधिकरण से जमीन मांगी है। यह जमीन मंत्रियों, अधिकारियों के ...और पढ़ें

Noida Airport के पास मध्य प्रदेश सरकार खरीदना चाहती है जमीन। फोटो: आर्काइव
HighLights
मध्य प्रदेश ने नोएडा एयरपोर्ट के पास यमुना प्राधिकरण से जमीन मांगी
मंत्रियों, अधिकारियों के ठहरने, निवेशकों से बैठकों हेतु भवन निर्माण
यमुना प्राधिकरण राजस्व आकलन कर सकारात्मक निर्णय पर विचार करेगा
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब केवल उद्योगों और निवेशकों को ही नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों के सरकारी विभागों को भी आकर्षित कर रहा है।
मध्य प्रदेश शासन ने एनसीआर में अपना भवन या गेस्ट हाउस बनाने के लिए यमुना प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में जमीन मांगी है। नोएडा एयरपोर्ट के नजदीक जमीन उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है, जिस पर प्राधिकरण ने सकारात्मक रूप से विचार करने का भरोसा दिया है।
निवेशकों से बैठकों के लिए भी मिलेगा ठिकाना
मध्य प्रदेश शासन एनसीआर में मंत्रियों और अधिकारियों के ठहरने के साथ बैठकों के लिए अपना स्थायी ठिकाना बनाना चाहता है। इसी उद्देश्य से प्रदेश सरकार के एक अधिकारी ने सोमवार को यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह से मुलाकात कर जमीन आवंटन का अनुरोध किया।
अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश में औद्योगिक निवेश को लेकर काफी काम हो रहा है। नोएडा एयरपोर्ट के नजदीक स्थान मिलने से प्रदेश के अधिकारियों और अन्य प्रतिनिधियों के ठहरने के साथ निवेशकों के साथ बैठकें आयोजित करने की सुविधा भी मिल सकेगी।
विदेशी निवेशक एयरपोर्ट से सीधे पहुंचेंगे बैठक में
मध्य प्रदेश शासन का मानना है कि एयरपोर्ट के नजदीक स्थान मिलने से विदेशी निवेशक सीधे बैठक स्थल तक पहुंच सकेंगे। इससे उन्हें आने-जाने और जाम जैसी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इससे पहले इलाहाबाद हाई कोर्ट भी गेस्ट हाउस के लिए यीडा से जमीन मांग चुका है।
यीडा क्षेत्र की कनेक्टिविटी बन रही आकर्षण
दिल्ली में जमीन की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में यीडा क्षेत्र एनसीआर के एक ऐसे इलाके के रूप में उभर रहा है, जहां सड़क के साथ एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी भी उपलब्ध है।
भविष्य में हाई स्पीड रेल समेत अन्य कनेक्टिविटी विकसित होने से यहां आवाजाही और आसान होने की संभावना है। इसी कारण सरकारी विभाग यीडा क्षेत्र में जमीन आवंटन को लेकर रुचि दिखा रहे हैं।
जमीन पर राजस्व का भी होगा आकलन
हालांकि, नोएडा एयरपोर्ट के आसपास की जमीन व्यावसायिक गतिविधियों के लिए यीडा के राजस्व के लिहाज से महत्वपूर्ण है। इसलिए प्राधिकरण एयरपोर्ट के आसपास जमीन आवंटित करने से पहले अपने नफा-नुकसान का आकलन करना चाहता है।
जमीन आवंटन को लेकर अंतिम निर्णय से पहले यीडा व्यावसायिक गतिविधियों और संभावित राजस्व को ध्यान में रखते हुए विचार करेगा।
यह भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी को झटका, हरियाणा के कारण 2027 तक टला लिंक एक्सप्रेसवे
