जेवर में 17 सितंबर से सजेगा ऐतिहासिक बलदेव छठ मेला, कबड्डी, दंगल और रागिनी मुकाबले होंगे मुख्य आकर्षण; पूरा शेड्यूल
जेवर में 17 से 26 सितंबर तक भव्य बलदेव छठ मेले का आयोजन होगा, जिसमें धार्मिक कार्यक्रमों के साथ महिला-पुरुष कबड्डी, कुश्ती दंगल और रागिनी मुकाबले मुख्य आकर्षण रहेंगे।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
जेवर में 17 से 26 सितंबर तक बलदेव छठ मेला।
महिला-पुरुष कबड्डी, कुश्ती दंगल, रागिनी मुकाबले मुख्य आकर्षण।
श्री दाऊजी मंदिर प्रबंध समिति द्वारा भव्य आयोजन।
जागरण संवाददाता, जेवर। जेवर में 17 से 26 सितंबर तक भव्य एवं विशाल बलदेव छठ मेले का आयोजन किया जाएगा। श्री दाऊजी मंदिर प्रबंध समिति की ओर से आयोजित मेले में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ महिला व पुरुष कबड्डी, कुश्ती दंगल, रागिनी मुकाबले, नाट्य प्रदर्शन और विभिन्न झांकियां मुख्य आकर्षण रहेंगी।
मेले का शुभारंभ 17 सितंबर को दोपहर 12 बजे श्री दाऊजी मंदिर परिसर में ध्वजारोहण के साथ होगा। समिति अध्यक्ष ओपी शर्मा लोकतंत्र सेनानी ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद समिति निदेशक क्षेत्रीय जनता को मेले के लिए आमंत्रित करेंगे।
श्री 108 गोपालानंद जी महाराज और कपिल शर्मा श्री दाऊजी महाराज की महिमा का वर्णन करेंगे। 17 और 18 सितंबर को महिला कबड्डी प्रतियोगिता होगी। विजेता टीम को 51 हजार और उपविजेता को 31 हजार रुपये नकद व ट्राफी दी जाएगी।
19 से 22 सितंबर तक पुरुष कबड्डी मुकाबले होंगे, जिनमें आसपास के क्षेत्रों के अलावा हरियाणा और दिल्ली की टीमें हिस्सा लेंगी।
23 से होंगे ये आयोजन
23 सितंबर को बाल दंगल में विजेता पहलवान को 31 हजार रुपये और रेशमी सेला, जबकि 24 सितंबर के कुश्ती दंगल के विजेता को 51 हजार रुपये और रेशमी सेला दिया जाएगा।
25 सितंबर को विशाल कुश्ती दंगल होगा, जिसके मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद डाक्टर महेश शर्मा होंगे। विजेता को एक लाख एक हजार रुपये और रेशमी सेला से सम्मानित किया जाएगा।
मेले में 17 से 20 सितंबर तक रात नौ बजे से रागिनी मुकाबले और 21 से 26 सितंबर तक बृज कला संस्थान, मथुरा की ओर से नाट्य प्रदर्शन होंगे। 26 सितंबर को मां काली अखाड़ा, कृष्ण-बलदेव की झांकी और बैंड प्रदर्शन के साथ मेले का समापन होगा।
