महिला उद्यमी के जीएसटी नंबर का दुरुपयोग कर 8 करोड़ का फर्जी कारोबार, तीन पर केस
सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर एक सेल्स टैक्स अधिवक्ता और दो प्रोपराइटर के खिलाफ महिला उद्यमी के ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
कोर्ट के आदेश पर तीन आरोपितों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज।
महिला उद्यमी के जीएसटी नंबर का दुरुपयोग कर फर्जी कारोबार।
आठ करोड़ रुपये के सरकारी कर का गबन करने का आरोप।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। कोर्ट के आदेश पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने सेल्स टैक्स अधिवक्ता और दो प्रोपराइटर पर महिला उद्यमी के जीएसटी नंबर का दुरुपयोग कर करीब आठ करोड़ रुपये का फर्जी कारोबार दिखाने और सरकारी कर का गबन करने का केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नोएडा के सेक्टर-50 स्थित आम्रपाली निवासी पीड़िता अनुराधा पोद्दार पत्नी आदर्श पोद्दार के मुताबिक, उनकी फर्म मैसर्स जियोेटेक इंडिया वाणिज्य कर कार्यालय खण्ड-2, सूरजपुर में पंजीकृत थी।
फर्म वर्ष 2016 में शुरू की थी, कार्य न मिलने पर 2017 में नियमानुसार बंद करने के लिए आवेदन किया। इसके लिए तिलपता निवासी सेल्स टैक्स अधिवक्ता अतुल कुमार को नियुक्त किया और उन्हें 8000 रुपये व मूल कागजात दिए।
अधिवक्ता ने दिलाया एफडीआर वापस दिलाने का आश्वासन
अधिवक्ता ने टिन सरेंडर कर एफडीआर वापस दिलाने का आश्वासन दिया। आरोप है कि अतुल और उनके सहयोगी सूरजपुर के घंटा चौक निवासी मैसर्स नवाब सन एंड एसोसिएट्स के प्राेपराइटर मो. सैय्यद जे स्माईल व नीरज कुमार सिंह ने अपनी फर्म का टिन नंबर तो सरेंडर नहीं किया बल्कि पीड़िता के टिन पर जीएसटी प्राप्त कर लिया।
बाद में वाणिज्य कर कार्यालय से उन्हें सूचना मिली कि उनके जीएसटी नंबर पर कई करोड़ का कारोबार दिखाया गया है और उन पर करीब आठ करोड़ रुपये कर की देनदारी बाकी है।
तीनों आरोपितों ने मिल कर जालसाजी कर वाणिज्य कर दस्तावेजों में पीड़िता का मोबाइल नंबर बदलकर और ई-मेल दर्ज कर दिया।
एचडीएफसी में खाता खोलकर किया गबन
फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एचडीएफसी बैंक, शाखा नलिनी बिल्डिंग, पोफाले नगर, मालेगांव (महाराष्ट्र) में खाता खोलकर व्यापारिक लेन-देन दिखाकर धनराशि का गबन किया। जानकारी मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के सुनवाई नहीं करने पर पीड़िता ने कोर्ट की शरण ली थी। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया अतुल कुमार, मो. सैय्यद जे स्माईल, नीरज कुमार सिंह व अन्य अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
