ग्रेनो वेस्ट के 5 लाख लोगों के लिए मेट्रो का इंतजार बढ़ा, केंद्र ने Aqua Line का विस्तार रोका; अब नया DPR बनेगा
केंद्र सरकार ने ग्रेनो वेस्ट एक्वा मेट्रो विस्तार परियोजना रद कर दी है, जिससे पांच लाख निवासियों को मेट्रो सेवा ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा के लिए एक्वा लाइन मेट्रो का विस्तार रद। फोटो: आर्काइव
HighLights
केंद्र ने ग्रेनो वेस्ट एक्वा मेट्रो विस्तार परियोजना रद की
पांच लाख लोगों को मेट्रो सेवा के लिए इंतजार करना होगा
नई डीपीआर में सेक्टर-4 तक विस्तार, एयरपोर्ट कनेक्टिविटी
जागरण संवाददाता, नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की 113 ग्रुप हाउसिंग सोसायटी में रहने वाले करीब पांच लाख लोगों को मेट्रो सेवा के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। केंद्र सरकार ने नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) की एक्वा मेट्रो विस्तार परियोजना को रद कर दिया है।
केंद्र ने निर्देश दिया है कि नई डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार कर सभी विभागों की एनओसी और राज्य कैबिनेट की मंजूरी के साथ दोबारा प्रस्ताव भेजा जाए।
इसकी पुष्टि नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने की है। उन्होंने बताया कि नई डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और एक माह के भीतर इसे तैयार कर शासन के माध्यम से केंद्र को भेजा जाएगा।
पहले सेक्टर-51 से नॉलेज पार्क-5 तक था प्रस्ताव
पहले योजना थी कि नोएडा मेट्रो Aqua Line को सेक्टर-51 से नॉलेज पार्क-5 तक बढ़ाया जाए। बाद में इसमें संशोधन कर सेक्टर-61 से नॉलेज पार्क-5 तक करीब 17.435 किलोमीटर के विस्तार का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया था।
आरआरटीएस परियोजना से बदला मेट्रो विस्तार का प्लान
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में किसान चौक के पास नमो भारत रैपिड रेल (RRTS) परियोजना का कॉरिडोर प्रस्तावित हो गया। यह कॉरिडोर गाजियाबाद से होते हुए नाेएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक जाएगा। इसी कारण नॉलेज पार्क-5 तक मेट्रो विस्तार की योजना पर असर पड़ा और केंद्र सरकार ने इसे मंजूरी नहीं दी।
अब पहले चरण में सेक्टर-4 गौर चौक तक विस्तार
एनएमआरसी प्रबंधन ने संशोधित योजना के तहत एक्वा लाइन को पहले चरण में ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-4 (गौर चौक) तक बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया है। यहां प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन को आरआरटीएस स्टेशन से जोड़ा जाएगा।
इससे ग्रेनो वेस्ट में लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही आरआरटीएस कॉरिडोर से जुड़ने के कारण लोगों को नोएडा एयरपोर्ट तक भी बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
दिल्ली मेट्रो और आरआरटीएस से मिलेगा कनेक्शन
सेक्टर-61 स्टेशन पर यात्री Delhi Metro से कनेक्ट होकर एनएमआरसी की एक्वा लाइन ले सकेंगे। वहां से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक यात्रा कर सकेंगे। जो लोग जेवर एयरपोर्ट जाना चाहेंगे, वे ग्रेनो वेस्ट सेक्टर-4 स्टेशन से आरआरटीएस पकड़ सकेंगे।
चार स्टेशनों का प्रस्ताव
इस विस्तार परियोजना की अंतिम डीपीआर लगभग तैयार है। इसमें मामूली संशोधन कर इसे फिर से उत्तर प्रदेश कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। प्रस्तावित विस्तार लाइन में कुल चार नए स्टेशन शामिल किए गए हैं।
