विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रिठौरी गांव वालों को बड़ी राहत: रेलवे लाइन पर बनेगा फुटओवर ब्रिज, लिफ्ट और रैंप की मिलेगी सुविधा

Published: Fri, 04 Sep 2026 02:22 PM (IST)

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में 130 मीटर रोड से एनएच-09 तक डबल डेकर सड़क और रिठौरी गांव में रेलवे लाइन पर फुटओवर ब्रिज को मंजूरी मिली है।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. ग्रेटर नोएडा वेस्ट में डबल डेकर सड़क परियोजना स्वीकृत।

  2. रिठौरी गांव में रेलवे लाइन पर फुटओवर ब्रिज बनेगा।

  3. लाखों निवासियों को जाम से मिलेगी बड़ी राहत।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेंं जाम की समस्या का समाधान करने के लिए 130 मीटर रोड से एनएच 09 तक डबल डेकर रोड बनेगी। बोर्ड ने बृहस्पतिवार को इस परियोजना को अपनी मंजूरी दे दी।

नोएडा व यीडा की सहमति के बाद परियोजना पर काम आगे बढ़ेगा। पहले चरण में 130 मीटर रोड पर इटैड़ा गोलचक्कर से एनएच 9 तक डबल डेकर सड़क बनाई जाएगी।

इसके निर्माण पर 756.01 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस लागत को तीनों प्राधिकरण मिलकर वहन करेंगे। इस सड़क के बनने से 130 मीटर रोड व एनएच 9 के बीच वाहनों की आवाजाही सुगम होगी।

ग्रेनो अथॉरिटी ने NHAI से सड़क निर्माण को तैयार कराई विस्तृत DPR

सड़क निर्माण के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एनएचएआइ से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराई थी। एनएचएआइ ने सर्वेक्षण के बाद दो विकल्प सुझाए थे।

इस सड़क निर्माण के लिए गठित समिति ने पहले चरण में एनएच 09 को इटैड़ा गोलचक्कर से जोड़ने वाली डबल डेकर रोड पर फैसला किया।

दूसरे चरण में होगा ये काम, लागत मिलकर उठाएंगे प्राधिकरण

दूसरे चरण में शाहबेरी में नाले के समानांतर सड़क बनेगी जो गुरुद्वारा तक जाएगी। इस सड़क के निर्माण से शाहबेरी में लगाने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी। जाम के कारण लोगों को चंद मिनटों का रास्ता तक करने में कई घंटे लग जाते हैं।

ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में रहने वाले लाखों लोगों को फायदा होगा। दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे व एनएच 9 के बीच आवाजाही आसान हो जाएगी।

परियोजना की लागत यमुना एक्सप्रेसवे, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद प्राधिकरण समान रूप से वहन करेंगे।

ग्रेनो से ईस्टर्न पेरिफेरल तक बनेगी 105 मीटर चौड़ी सड़क

ग्रेटर नोएडा की 105 मीटर चौड़ी सड़क को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। सड़क का करीब 6 किलोमीटर हिस्सा पहले ही बना हुआ है।

जुनपत गांव के आगे ईपीई तक करीब 12 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण होगा। इस सड़क के अलाइनमेंट में ईस्टर्न पेरिफेरल तक रेलवे लाइन, ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर लिंक लाइन और जीटी रोड हैं। इन स्थानों पर तीन ओवरब्रिज बनाया जाएगा।

सड़क को 10 लेन व चार सर्विस लेन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस सड़क के लिए जमीन ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण देगा। निर्माण पर आने वाला खर्च एनएचएआए वहन करेगा।

सड़क के निर्माण से ग्रेटर नोएडा, फेस-2 दादरी क्षेत्र और डीएनजीआईआर क्षेत्र की भूमि शामिल है। डीएनजीआईआर क्षेत्र काे नोएडा प्राधिकरण विकसित कर रहा है। इसलिए इस क्षेत्र में आने वाली भूमि का अधिग्रहण नोएडा प्राधिकरण करेगा।

भूमि अधिग्रहण की लागत नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण बराबर अनुपात में वहन करेंगे। इस सड़क का विस्तार गंगा एक्सप्रेसवे तक प्रस्तावित है।

रिठौरी में रेलवे लाइन पर बनेगा फुटओवर ब्रिज

रिठौरी गांव के निवासियों को रेलवे लाइन पार करने में आ रही समस्या से राहत देने के लिए फुटओवर ब्रिज का निर्माण होगा। सांसद डॉ. महेश शर्मा ने 2022 में प्राधिकरण को इस संबंध में पत्र भेजा था।

प्राधिकरण ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड से आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया था। दोनों के संयुक्त निरीक्षण के बाद फुटओवर ब्रिज पर सहमति बनी।

निर्माण का खर्च ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण वहन करेगा। रेलवे लाइन के ऊपर निर्माण के लिए रेलवे से स्वीकृति व एनओसी ली जाएगी। फुटओवर ब्रिज में रैंप, सीढ़ियों और लिफ्ट का प्रावधान होगा।