ट्रक के गुप्त केबिन में छिपा था 1 करोड़ का 165 Kg गांजा, ग्रेटर नोएडा पुलिस ने 3 तस्करों को दबोचा
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने एक करोड़ रुपये के गांजे के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। बादलपुर पुलिस और ...और पढ़ें
-1791972990217_m.webp)
पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। जागरण
HighLights
एक करोड़ रुपये का 165 किलो गांजा बरामद।
अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार।
ट्रक में बनी खुफिया कैविटी से गांजा तस्करी।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बादलपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टीम ने गांजा तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने तस्करों के कब्जे से 165 किलो, 700 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
14 अक्टूबर को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना पर कार्रवाई करते हुए कुड़ी खेड़ा मोड़ के पास दादरी से लालकुआं जाने वाली रोड से तीनों अभियुक्तों को पकड़ा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दिनेश पुत्र जय नाथ पाल, समीर कुमार पुत्र केशो मंडल और रवि कुमार साहनी के रूप में हुई है।
एक कार, मोबाइल और नकदी बरामद
पुलिस ने तस्करों के पास से गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल ट्रक, एक कार, 4 मोबाइल फोन, 1980 रुपये नकद और एक बैंक कार्ड बरामद हुआ है। पूछताछ में सामने आया कि गैंग का लीडर दिनेश है। रवि भुवनेश्वर से ट्रक में बनी गुप्त कैविटी में गांजा लोड करके लाता था।

पहले भी जेल गया था दिनेश
इस कैविटी को दिनेश ने दो महीने पहले ही बनवाया था ताकि चेकिंग से बचा जा सके। दिनेश और समीर दिल्ली में इसे फुटकर और थोक में बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। दिनेश पहले भी वर्ष 2021 में ढाई कुंतल गांजे की तस्करी में 15 महीने जेल में रह चुका है।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ थाना बादलपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
