विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा के सबसे व्यस्त परी चौक पर यात्रियों का बुरा हाल, धूप-बारिश में सड़क किनारे खड़े होने की मजबूरी

Published: Wed, 09 Sep 2026 07:10 PM (GMT+05:30)

ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर यात्री प्रतिक्षालय की समुचित व्यवस्था न होने से हजारों यात्रियों को धूप और बारिश में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतीक्षालय न होने से परेशान होते यात्री।

प्रतीक्षालय न होने से परेशान होते यात्री।

HighLights

  1. परी चौक पर यात्री प्रतिक्षालय न होने से परेशानी।

  2. धूप, बारिश में हजारों यात्री बिना आश्रय के।

  3. जाम, दुर्घटनाओं का खतरा, समाधान की उम्मीद।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। शहर के मुख्य प्रवेश द्वार परी चौक पर यात्री प्रतिक्षालय की समुचित व्यवस्था नहीं होने से रोजाना हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

विभिन्न क्षेत्रों में जाने के लिए यात्री यहां सड़क किनारे खड़े होकर बसों और अन्य सार्वजनिक वाहनों का इंतजार करते हैं। गर्मी में तेज धूप और वर्षा के दौरान यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं।

बता दें कि परी चौक ग्रेटर नोएडा का प्रमुख यातायात केंद्र है। यहां से नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद, दादरी और आसपास के क्षेत्रों के लिए बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं।

सुबह से लेकर देर शाम तक चौक के आसपास यात्रियों की भीड़ रहती है। इसके बावजूद यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय नहीं है, जहां वे मौसम की मार से बचते हुए वाहनों का इंतजार कर सकें।

बस के इंतजार में यात्रियों को खुले में सड़क किनारे, डिवाइडर पर खड़े रहना पड़ता है। गर्मी के दिनों में तेज धूप से बचने के लिए यात्री आसपास की दुकानों या पेड़ों की छांव का सहारा लेते हैं। वहीं वर्षा होने पर स्थिति और खराब हो जाती है। अचानक वर्षा आने पर यात्रियों को सुरक्षित स्थान तलाशना पड़ता है।

महिलाओं-बुजुर्गों और बच्चों के लिए है सबसे अधिक परेशानी

यात्री प्रतिक्षालय की व्यवस्था नहीं होने के कारण सबसे अधिक समस्या महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे बच्चों के साथ सफर करने वाले यात्रियों को होती है।

परी चौक से इटावा के जाने के लिए खड़े यात्री मनोज ने बताया कि वह करीब 30 मिनट से वाहन का इंतजार कर रहे हैं। यहां पर बैठने या खड़े होने तक की छाया में व्यवस्था नहीं है, जिससे परेशानी हो रही है।

जाम और हादसों का रहता है खतरा

यात्री प्रतिक्षालय न होने से चालक बीच सड़क पर ही वाहन रोक देते हैं। इससे एक तरफ जाम की स्थिति बनती है तो दूसरी तरफ हादसे का खतरा भी बढ़ जाता है।

आगरा जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे राकेश ने बताया कि छाया की व्यवस्था नहीं होने के कारण मजबूरी में सड़क पर ही खड़े होना पड़ता है। इससे वाहन चालक बीच मार्ग पर ही सवारियां बैठाने लगते हैं जाम की स्थिति बन जाती है।

परी चौक पर यात्री प्रतिक्षालय बनाए जाने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखने के साथ ही मुलाकात की है। उम्मीद है जल्द ही यात्री प्रतिक्षालय बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इससे यात्रियों की परेशानी का समाधान हो सकेगा।
- समीना अंजुम, एआरएम, ग्रेनो डिपो