मुंबई एटीएस का ग्रेटर नोएडा में छापा, फ्लैट से मिली 5.40 करोड़ की ड्रग्स; दो विदेशी महिला तस्कर गिरफ्तार
मुंबई एटीएस ने ग्रेटर नोएडा के कासना क्षेत्र से दो नाइजीरियन महिला ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास ...और पढ़ें

मुंबई एटीएस ने ग्रेटर नोएडा के कासना क्षेत्र से दो नाइजीरियन महिला ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। कासना काेतवाली क्षेत्र के सेक्टर ओमीक्रान वन के फ्लैट नंबर बी-58 में पिछले दो माह से नाइजीरियन महिला तस्कर ठिकाना बनाए थीं। बावजूद कोतवाली पुलिस और जिला स्तरीय खुफिया एजेंसियों को उनकी भनक तक नहीं लगी। मंगलवार रात मुंबई एटीएस की टीम पहुंची। कोतवाली पुलिस को महिला तस्करों की लोकेशन व डिटेल बताई।
तब दोनों तस्करों के बारे में पता चला, जब एटीएस ने लोकल पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए फ्लैट में छापा मार कर 32 वर्षीय डेबायो अबोसेडे ओमोवुमी और 33 वर्षीय एंजल ओसास जुलिक्ट को गिरफ्तार किया। फ्लैट से 2688 ग्राम मेथामफेटामाइन और इसे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल बरामद किया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 5.40 करोड़ रुपये बताई गई है। एटीएस दोनों महिलाओं को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई ले गई है।
एटीएस की यह कार्रवाई मुंबई में पहले की गई छापेमारी से जुड़ी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मुंबई के बांद्रा पूर्व क्षेत्र में एटीएस ने कुछ समय पहले कार्रवाई में 2050 ग्राम मेथामफेटामाइन बरामद की थी। बरामद ड्रग्स की कीमत करीब चार करोड़ थी।
उक्त मामले में गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ में ग्रेटर नोएडा की कासना कोतवाली क्षेत्र से मादक पदार्थ से जुड़े नेटवर्क के बारे में पर्दाफाश हुआ था। इसी के आधार पर मुंबई एटीएस की टीम ने मंगलवार रात कासना कोतवाली पुलिस से समन्वय कर ओमीक्रान सेक्टर के फ्लैट नंबर बी-58 से दोनों नाइजीरियन तस्करों को गिरफ्तार कर कब्जे से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों तस्कर दो महीने से इसी फ्लैट में रह रही थीं। इनके लिए किसी तीसरी महिला ने किराए पर लिया था। छापेमारी के दौरान वह मौके से फरार हो गई। उसके फरार होने के बाद से आशंका है कि वह भी तस्करी गिरोह के नेटवर्क से जुड़ी है। एटीएस के अलावा कासना पुलिस भी उक्त महिला की तलाश में लगी है।
फ्लैट मालिक व किरायानामा का पता लगाया जा रहा
फ्लैट किसके नाम पर किराये पर लिया गया था और दोनों नाइजीरियन महिलाओं को ग्रेटर नोएडा तक कौन लेकर आया था। फ्लैट के किरायेदारी से जुड़े दस्तावेज, स्थानीय संपर्क और आरोपितों के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि उक्त फ्लैट के किरायानामा नहीं बनवाया गया था। इसके चलते किराएदारों का सत्यापन भी नहीं किया गया था।
लोकल पुलिस के सवालों पर रहीं मौन, एटीएस ले गई साथ
गिरफ्तार तस्करों से फ्लैट लेने वाली महिला व जिला स्तर पर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क से संबंधित जानकारी के लिए कासना कोतवाली पुलिस ने पूछताछ का प्रयास किया, लेकिन दोनों ने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। एटीएस को आशंका है कि बरामद मेथामफेटामाइन किसी बड़े ड्रग्स नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए एटीएस दोनों तस्करों को साथ ले गई है।
मुंबई एटीएस की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई कर दोनों नाइजीरियन महिला तस्करों को गिरफ्तार कर कब्जे से भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया। दोनों तस्करों से पूछताछ का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इनके साथ रहने वाली तीसरी फरार महिला की तलाश की जा रही है। फ्लैट के किरायानामा व अन्य जरूरी जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं।
- पंकज शर्मा, प्रभारी निरीक्षक, कासना कोतवाली
