विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा: बादलपुर की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, 21 दमकल गाड़ियों ने 4 घंटे में पाया काबू

Published: Fri, 25 Sep 2026 12:18 PM (IST)

ग्रेटर नोएडा के बादलपुर क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिससे आसपास अफरातफरी मच गई।

HighLights

  1. बादलपुर की केमिकल फैक्ट्री में देर रात लगी भीषण आग।

  2. दमकल की 21 गाड़ियों ने चार घंटे में आग बुझाई।

  3. हादसे में कोई जनहानि नहीं, नुकसान का आकलन जारी।

जागरण संवाददाता, दादरी। ग्रेटर नोएडा के दादरी कोतवाली बादलपुर क्षेत्र स्थित केमिकल फैक्ट्री में बीती रात अचानक आग लगने से आसपास क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटों व धुएं को देखकर आसपास के लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली। 

घटना की सूचना मिलते ही एक-एककर दमकल की 21 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया।

बादलपुर कोतवाली प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि धूममानिकपुर क्षेत्र मे आर्गेनिक कंपनी मालिक ओमप्रकाश, धर्मराज, प्रवीण कुमार त्यागी, तिरलोक सिंह मोहर की केमिकल फैक्ट्री है, जिसमें बृहस्पतिवार रात 2.45 बजे अचानक आग लगने से आसपास क्षेत्र में अफरातफरी मच गयी।

नोएडा से गाजियाबाद तक दमकल गाड़ियां पहुंचीं

मौके पर पहुंची पुलिस की सूचना पर दमकल की गाड़ियां पहुंचीं। आग इतनी विकराल थी कि गौतमबुद्धनगर से लेकर गाजियाबाद की कुल 21 दमकल की गाड़ियों ने लगातार चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

आग के कारणों का पता नहीं चल सका है। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। फैक्ट्री में केमिकल बनाने का कार्य किया जाता है।