विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सड़क किनारे अर्थी पर पत्नी का शव छोड़ अंत्येष्टि की सामग्री लेने चला गया पति, पुलिस ने कराया अंतिम संस्कार

Published: Sat, 12 Sep 2026 12:55 PM (IST)

ग्रेटर नोएडा में एक पति अपनी मृत पत्नी का शव अंतिम संस्कार के लिए ले जाते समय सड़क किनारे छोड़कर सामग्री लेने चला गया।

सड़क किनारे पत्नी का शव छोड़ गया पति।

सड़क किनारे पत्नी का शव छोड़ गया पति।

HighLights

  1. पति ने मृत पत्नी का शव सड़क किनारे लावारिस छोड़ा।

  2. अंतिम संस्कार की सामग्री लेने गया था पति।

  3. पुलिस ने मानवीयता दिखाते हुए शव का अंतिम संस्कार कराया।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। बीमारी से मृत पत्नी का शव अंतिम संस्कार के लिए अंत्येष्टि स्थल ले जा रहे पति की अमानवीय सोच सामने आई है। लापरवाही पूर्वक सड़क के किनारे अर्थी पर बंधा शव लावारिस हालत में छोड़ कर अंतिम संस्कार की सामग्री लेने चला गया।

गनीमत रही कि शव पर कुत्तों की नजर पड़ती, उससे पहले ही आसपास के लोग पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सुरक्षित किया। इस बीच पति भी साथी के साथ अंत्येष्टि स्थल की सामग्री लेकर मौके पर आ गया।

मौजूद लोगों ने जमकर उसे खरीखोटी सुनाई। इसके बाद पुलिस ने मानवीयता दिखाते हुए शव शमशान घाट में ले जाकर अंतिम संस्कार कराया।

लंबे समय से दमा की मरीज थी मुस्कान

प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान मुस्कान (30) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से छत्तीसगढ़ की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने पति राजू के साथ चिपियाना बुजुर्ग स्थित झुग्गी-झोपड़ी में रह रही थी।

मुस्कान लंबे समय से दमा की गंभीर बीमारी से पीड़ित थी। बीमारी के चलते ही उसकी मौत हो गई थी। पति राजू अर्थी पर शव को बांधकर चिपियाना बुजुर्ग स्थित अंत्येष्टि स्थल अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहा था।

पति और साथियों की दिखी लापरवाही

इस दौरान लकड़ी और अन्य सामग्री कम पड़ने पर वह और उसके साथी सामान लेने के लिए शव को कुछ देर के लिए सड़क किनारे रखकर चले गए थे। इसी दौरान लोगों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दे दी।

मौके पर पहुंची पुलिस शव को अपने साथ लेकर श्मशान घाट पहुंची। पति के लौटने पर पुलिस ने मानवीय पहल दिखाते हुए अंतिम संस्कार की सामग्री दिलाकर मुस्कान का अंतिम संस्कार कराया।

यह भी पढ़ें- पेट में अचानक उठा दर्द, ग्रेटर नोएडा के अस्पताल पहुंची 80 वर्षीय महिला की मौत; लापरवाही का लगाया आरोप