विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा में टला बड़ा हादसा, खड़ी प्राइवेट बस में लगी आग; 3 दमकल गाड़ियों ने आधे घंटे में पाया काबू

Published: Sat, 26 Sep 2026 12:45 AM (IST)

ग्रेटर नोएडा के तुगलपुर गांव में शुक्रवार देर रात एक खड़ी निजी बस में भीषण आग लग गई, जिससे बस ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. ग्रेटर नोएडा के तुगलपुर गांव में खड़ी बस में लगी आग।

  2. निजी बस पूरी तरह जलकर खाक, लाखों का नुकसान हुआ।

  3. बस में कोई मौजूद नहीं था, बड़ा हादसा टल गया।

जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। नालेज पार्क कोतवाली क्षेत्र के तुगलपुर गांव में शुक्रवार देर रात एक खड़ी बस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धू कर जलने लगी। गनीमत रही कि घटना के समय बस में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार तुगलपुर में मुख्य सड़क किनारे एक निजी हास्टल की बस रोज की तरह खड़ी थी। रात करीब साढ़े 11 बजे अचानक बस से धुआं उठने लगा और कुछ ही मिनटों में लपटें तेज हो गईं। आसपास के लोगों ने बस को जलता देख शोर मचाया और तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और पानी की बौछार कर आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। तब तक बस पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो चुकी थी।

दमकल विभाग की शुरुआती जांच में आग लगने का कारण जलती बीड़ी या सिगरेट माना जा रहा है। आशंका है कि किसी राहगीर या नशेड़ी ने बस के पास जलती बीड़ी-सिगरेट फेंक दी होगी, जिससे बस में आग पकड़ ली। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने भी घटना का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि बस मालिक से संपर्क कर मामले की जांच की जा रही है। वहीं गौतमबुद्धनगर पुलिस के मीडिया सेल ने पुष्टि की है कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।