ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की दीवाली की तैयारी, बुर्ज खलीफा की तर्ज पर चमकेगा शहर
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण दीपावली और यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के लिए शहर को सजाने की तैयारी कर रहा है। शहर ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण दीपावली और यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के लिए शहर को सजाने की तैयारी कर रहा है। इमेज एआई
HighLights
ग्रेटर नोएडा दीपावली पर बुर्ज खलीफा की तरह चमकेगा।
शहर की रोटरी, चौराहे और सड़कें आकर्षक लाइटों से सजेंगी।
प्राधिकरण भवन पर डायनामिक फसाड लाइट लगाई जाएगी।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। इस बार दीपावली पर ग्रेटर नोएडा का रूप पूरी तरह बदला-बदला नजर आएगा। ग्रेनो प्राधिकरण ने शहर को सजाने-संवारने की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। योजना के तहत शहर की प्रमुख रोटरी, चौराहों और मुख्य सड़कों को आकर्षक लाइट से रोशन किया जाएगा। लंबे समय से बंद पड़े फाउंटेन भी ठीक कराए जाएंगे ताकि रात में शहर की सड़कें और ज्यादा सुंदर दिखें।
बुर्ज खलीफा स्टाइल में चमकेगा प्राधिकरण भवन
प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दीपावली से पहले सभी सजावट का काम पूरा कर लिया जाए। इस बार खास फोकस प्राधिकरण भवन और अन्य सार्वजनिक इमारतों पर रहेगा। इन इमारतों पर डायनामिक फसाड लाइट लगाई जाएगी। इन लाइट की मदद से बुर्ज खलीफा की तर्ज पर किसी संदेश, लोगो या वीडियो को दीवार पर दिखाया जा सकेगा। अधिकारियों को निर्देश है कि तकनीक और इंस्टालेशन का काम अक्टूबर से पहले निपटा लिया जाए।
यूपीआइटीएस को देखते हुए बढ़ाई गई रफ्तार
एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि सितंबर के अंत में प्रस्तावित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआइटीएस) को ध्यान में रखते हुए काम की समय सीमा घटाई जा सकती है। उनका कहना है कि यूपीआइटीएस से लेकर दीपावली तक पूरा शहर सजा-संवरा दिखना चाहिए, ताकि आने वाले मेहमानों और स्थानीय लोगों को भव्य सजावट देखने को मिले।
इसी वजह से टेंडर और साइट वर्क अभी से शुरू कराए जा रहे हैं। प्राधिकरण का लक्ष्य है कि इस बार रोशनी, फाउंटेन और फसाड लाइट के जरिए ग्रेटर नोएडा को एक इंटरनेशनल लुक दिया जाए।
यह भी पढ़ें: बारिश के बाद अंधेरे में डूबा नोएडा सेक्टर-12, ट्रांसफॉर्मर के पास जलभराव से बिजली व्यवस्था ठप
