विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में पहले राउंड में आए 8 से 11 गुना आवेदन, सीटें फुल; देखें पूरी लिस्ट

Published: Fri, 03 Jul 2026 11:54 AM (IST)

गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में बीए एलएलबी, सीएसई सहित कई पाठ्यक्रमों की सीटें पहले ही राउंड की काउंसलिंग में भर गई हैं।

गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय। जागरण आर्काइव

गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. जीबीयू में बीए एलएलबी, सीएसई सीटें पहले राउंड में भरीं।

  2. छात्रों का विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर बढ़ा विश्वास।

  3. अमेरिका सहित 30 देशों के छात्रों ने भी आवेदन किया।

आशीष चौरसिया, ग्रेटर नोएडा। लॉ के बीएलएलबी और एमबीए, बीटेक, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसई), सीएसई एआई, बीएससी के अलावा बीएड कोर्स में प्रवेश लेने के लिए विद्यार्थियों की पहली पसंद गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) बन गया है। यहां पर पहले राउंड की ही काउंसलिंग में इन विषयों की सीटें भर गई हैं।

पहले राउंड की काउंसलिंग में सीटें भर जाना विद्यार्थियों की जीबीयू पर बढ़ते विश्वास और विश्वविद्यालय की बेहतर शिक्षण कार्य को दर्शाता है।

पहले राउंड में कई गुना आए आवेदन

बता दें कि नए शैक्षणिक में बीएससी बीएड में 50, सीएसई में 60, सीएसई एआइ में 120 और लॉ के बीए एलएलबी में 120 सीटें प्रवेश के लिए थीं। इसमें हर कोर्स में घोषित सीटों के मुकाबले पहले राउंड में ही आठ से 11 गुना आवेदन आए हुए थे। जिन्हें काउंसलिंग किए जाने के बाद छंटनी कर प्रवेश दिया गया है। विश्वविद्यालय अधिकारियों ने बताया कि लगातार विद्यार्थियों की रुचि बढ़ रही है।

बीते शैक्षणिक सत्र के मुकाबले हर कोर्स में विद्यार्थियों के आवेदन की संख्या बढ़ी है। यहां तक की जिन अमेरिका, यूएस, सिंगापुर, दुबई, सीरिया, संयुक्त राज्य अमेरिका, स्विट्जरलैंड, यमन और जिम्बाब्वे समेत 30 देशों के विद्यार्थियों के आवेदन में अच्छी खासी संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिली है।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में पहली बार अमेरिका के विद्यार्थियों ने भी प्रवेश किया है। विदेशी विद्यार्थी सबसे अधिक बौद्ध अध्ययन एवं सभ्यता, प्रबंधन, अभियांत्रिकी, सूचना प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी, सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी तथा व्यावसायिक अध्ययन एवं अनुप्रयुक्त विज्ञान में प्रवेश के लिए आवेदन कर रहे हैं।

कोर्स का नाम सीटें आवेदन संख्या
बीएससी बीएड 50 562
सीएसई 60 563
सीएसई एआइ 120 509
बीए एलएलबी 120 421

यह गर्व का विषय है कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा के लिए पहली पसंद बनता जा रहा है। यह विश्वविद्यालय की बढ़ती प्रतिष्ठा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उत्कृष्ट संकाय और आधुनिक शैक्षणिक वातावरण का प्रमाण है। कई विषय ऐसे रहे हैं, जो पहले राउंड या दूसरे राउंड की काउंसलिंग में सीटें फुल हो गई हैं। - प्रो. राणा प्रताप सिंह, कुलपति जीबीयू