ट्रैक्टर रैली निकाल किसानों ने किया गणतंत्र दिवस की परेड का रिहर्सल
जागरण संवाददाता नोएडा नए कृषि कानूनों को लेकर आंदोलनकारी किसानों ने बृहस्पतिवार क
जागरण संवाददाता, नोएडा :
नए कृषि कानूनों को लेकर आंदोलनकारी किसानों ने बृहस्पतिवार को ट्रैक्टर रैली निकाली। केंद्र सरकार के साथ 9वें दौर की बातचीत से पहले शक्ति प्रदर्शन किया। किसानों ने रैली को गणतंत्र दिवस की परेड का रिहर्सल बताया। नए कानूनों के रद नहीं होने तक धरना जारी रखने की बात कही। रैली के दौरान नोएडा- ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से डीएनडी टोल तक करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम रहा है। जाम से निपटने के लिए यातायात पुलिस को मार्ग पर डायवर्जन लागू करना पड़ा।
सेक्टर-14ए चिल्ला बार्डर पर भारतीय किसान यूनियन (भानु) के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता पिछले 38 दिनों से तीन कृषि कानूनों के खिलाफ धरने पर बैठे हैं। बृहस्पतिवार दोपहर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भाकियू (भानु) ने सेक्टर-95 स्थित महामाया फ्लाईओवर से चिल्ला बार्डर तक ट्रैक्टर रैली निकाली। रैली में शामिल होने के लिए सुबह साढ़े 11 बजे से किसान महामाया फ्लाई ओवर के नीचे इकट्ठा होने लगे थे। दोपहर करीब 2 बजे संगठन के राष्ट्रीय महासचिव बेगराज गुर्जर के नेतृत्व में रैली निकाली गई। करीब पांच किलोमीटर लंबी रैली में दर्जनों ट्रैक्टर के साथ सैकड़ों किसान शामिल हुए। रैली के बाद किसानों की सभा हुई। जिसमें वरिष्ठ किसान नेताओं ने नए कृषि कानूनों के साथ केंद्र सरकार पर निशाना साधा। किसान नेता बेगराज गुर्जर ने कहा कि नए कृषि कानूनों से किसानों को कोई फायदा नहीं होगा। सरकार नए कानूनों को वापस ले। वहीं भाकियू भानु के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. तरुण शर्मा ने कहा कि ट्रैक्टर रैली निकालकर गणतंत्र दिवस की परेड का रिहर्सल किया गया। क्योंकि इस बार गणतंत्र दिवस पर कोई विदेशी अतिथि नहीं शामिल होगा बल्कि किसान मुख्य अतिथि होंगे।
----
रैली से पहले किसान और पुलिस में विवाद : रैली निकालने से पूर्व किसानों का पुलिस के साथ विवाद हुआ। पुलिस ने किसानों को कानून व्यवस्था के मद्देनजर रैली निकालने की अनुमति नहीं दी थी। बावजूद इसके किसान महामाया फ्लाईओवर के पास इकट्ठे हुए। जब किसानों ने रैली निकाली तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान किसानों ने चिल्ला बार्डर पर दिल्ली से नोएडा आने वाला रास्ता बंद करने की बात कही तो पुलिस ने रैली की अनुमति दे दी। रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
------
महामाया से डीएनडी टोल तक जाम :
किसानों की रैली के दौरान नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से डीएनडी के रास्ते दिल्ली जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वाहन चालक कालिदी कुंज के रास्ते दिल्ली गए। सेक्टर-38 ए स्थित जीआइपी से सेक्टर-16 फिल्म सिटी फ्लाइओवर के लूप तक जाम रहा। दलित प्रेरणा स्थल से डीएनडी लूप पर सबसे अधिक जाम रहा। सेक्टर-95 स्थित ओखला पक्षी विहार मेट्रो स्टेशन से कालिदी कुंज पुल तक भी जाम रहा। दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक मार्ग पर वाहन रेंगते रहे। जाम खत्म कराने के लिए यातायात पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।