चुनाव ड्यूटी कटवाने को नहीं चलेगा बहाना
लोकसभा चुनाव की तैयारी चरम पर है। निर्वाचन विभाग तैयारियों को पूरा करने का दावा कर रहा है। मतदान कराने के लिए कर्मचारियों को पहले चरण का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। उसके बाद भी चुनावी कार्य में लगे कर्मचारी डयूटी कटवाने को ऐड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। शुक्रवार को विकास भवन में डयूटी कटवाने को कर्मचारियों का जमावड़ा लगा रहा। कर्मचारियों ने अधिकारियों के सामने उपस्थित होकर तरह-तरह के बहाने बनाकर चुनाव डयूटी करने में अपनी असमर्थता जताई।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : लोकसभा चुनाव की तैयारी चरम पर है। निर्वाचन विभाग तैयारियों को पूरा करने का दावा कर रहा है। मतदान कराने के लिए कर्मचारियों को पहले चरण का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। उसके बाद भी चुनावी कार्य में लगे कर्मचारी ड्यूटी कटवाने को ऐड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। शुक्रवार को विकास भवन में ड्यूटी कटवाने को कर्मचारियों का जमावड़ा लगा रहा। कर्मचारियों ने अधिकारियों के सामने उपस्थित होकर तरह-तरह के बहाने बनाकर चुनाव ड्यूटी करने में अपनी असमर्थता जताई। घर में बच्चों की देखरेख करने वाला कोई नहीं है। बच्चा अभी बहुत छोटा है कौन संभालेगा। गंभीर बीमारी से पीड़ित हूं साहब आदि। उल्लेखनीय है कि जिले में पहले चरण में 11 अप्रैल को मतदान होना है। प्रशासन युद्धस्तर पर तैयारियां कर रहा है। अधिकारियों के सामने निष्पक्ष और निर्विघ्न चुनाव कराना चुनौती है। तो उससे भी बड़ी परेशानी बड़ी संख्या में कर्मचारियों का बंदोबस्त करना है। आचार संहिता का पालन कराने से लेकर चुनाव के विभिन्न कार्यों की मॉनिटरिग और फिर मतदान व मतगणना के लिए छह हजार से ज्यादा कर्मचारियों की जरूरत होगी। ऊपर से विभागीय कार्य के लिए चुनाव ड्यूटी से कर्मचारियों को मुक्त करने के पत्र ने उनकी परेशानी को और बढ़ा दी है। अफसर पशोपेश में हैं कि किसकी ड्यूटी लगाएं और किसे मुक्त करें। समिति के सामने चुनाव ड्यूटी से नाम कटवाने के लिए व्यक्तिगत प्रार्थना पत्रों का जमावड़ा लगा हुआ हैं। -मतदान ड्यूटी काटने के लिए दिव्यांग, गर्भवती व बीमार व्यक्ति को प्राथमिकता दी गई है। जांच के लिए सीएमओ की अध्यक्षता में मेडिकल टीम बनाई गई है। मेडिकल टीम की रिपोर्ट के आधार पर मतदान ड्यूटी काटी जा सकती है। सकुशल चुनाव कराना पहली प्राथमिकता है, जो सबके सहयोग से ही हो सकेगा।
- अनिल कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी