डीएनडी के रास्ते दिल्ली जा रहे वाहन चालक जाम में फंसे
जागरण संवाददाता नोएडा नोएडा-दिल्ली बार्डर पर बुधवार को भी जाम रहा। कार्य दिवस होने के
जागरण संवाददाता, नोएडा :
नोएडा-दिल्ली बार्डर पर बुधवार को भी जाम रहा। कार्य दिवस होने के चलते फैक्ट्री, दफ्तर खुले होने के चलते नोएडा से डीएनडी के रास्ते दिल्ली जा रहे वाहन चालक जाम में फंसे। सेक्टर-16 फिल्म सिटी फ्लाईओवर से डीएनडी टोल प्लाजा तक करीब ढाई किलोमीटर लंबा जाम रहा। जाम में फंसे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
किसानों के प्रदर्शन के चलते चिल्ला बार्डर बुधवार सुबह भी बंद रहा। इससे वाहन चालकों को डीएनडी व कालिदी कुंज के रास्ते दिल्ली जाना पड़ा। इससे दोनों मार्गो पर यातायात का दबाव रहा। सुबह 7 बजे से 11 बजे तक जाम की समस्या रही। जरूरी काम से डीएनडी के रास्ते दिल्ली जा रहे वाहन चालक जाम में फंसे। जाम खत्म कराने के लिए नोएडा यातायात पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जाम में कई एंबुलेंस भी फंसी, लेकिन किसी अनहोनी की सूचना नहीं है। मौके पर मौजूद यातायात सिपाहियों ने रास्ता दिखाकर एंबुलेंस को आगे की ओर रवाना किया। यातायात बढ़ता देख पुलिस ने वाहन चालकों दिल्ली जाने के लिए वैकल्पिक मार्गो का प्रयोग करने की सलाह दी। हल्के वाहनों चालकों को दिल्ली जाने के लिए न्यू अशोक नगर, कोंडली, हरिदर्शन, वीडियोकान, झुंडपुरा बार्डर के रास्ते दिल्ली जाने के लिए कहा गया। गौरतलब है कि इससे पहले मंगलवार को दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर आयोजित कार्यक्रम व किसानों की ट्रैक्टर परेड के चलते दिल्ली पहुंचने के लिए वाहन चालकों को संघर्ष करना पड़ा था। चिल्ला बार्डर, अशोक नगर बार्डर, डीएनडी पर हुए ट्रैफिक डायवर्जन से वाहन चालक परेशान हुए थे।