मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों के पैर में लगी गोली
दादरी कोतवाली पुलिस की बृहस्पतिवार को बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। जबकि दो बदमाशों को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। घायल बदमाशों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाशों के पास से एक मोटर साइकिल एक स्कूटी 19 हजार रुपए नकद पिस्टल और तंमचा बरामद किए हैं। इन बदमाशों ने कुछ दिन पूर्व दादरी में कपड़े के शोरूम कॉब में लूटपाट की थी। सभी बदमाशों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा:
दादरी कोतवाली पुलिस की बृहस्पतिवार को बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए, जबकि दो बदमाशों को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। घायल बदमाशों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाशों के पास से एक मोटर साइकिल, एक स्कूटी, 19 हजार रुपए नकद, पिस्टल और तमंचा बरामद किए हैं। इन बदमाशों ने कुछ दिन पूर्व दादरी में कपड़े के शोरूम कॉब में लूटपाट की थी। सभी बदमाशों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। प्रेसवार्ता में एसपी देहात रणविजय सिंह ने बताया दादरी पुलिस ने बुधवार की रात शैफाली स्कूल के पास से दो बदमाश राजीव शर्मा निवासी रौनी ककोड़ बुलंदशहर और राहुल कश्यप निवासी जहांगीराबाद बुलंदशहर को गिरफ्तार किया था। जबकि बदमाशों के दो साथी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। बृहस्पतिवार की रात पुलिस की फरार बदमाशों के साथ बिसाहड़ा पुल के समीप मुठभेड़ हो गई। अपने आप को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिग की। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इनकी पहचान गौरव निवासी खुर्जा देहात बुलंदशहर और लोकेश उर्फ रोकी निवासी चीती दनकौर के रूप में हुई है। इन बदमाशों ने 11 अगस्त को दादरी स्थित कपड़ों के शोरूम में घुसकर लूटपाट की थी। इससे पहले 12 अप्रैल को दादरी में माधव फार्म हाउस के समीप एक व्यक्ति को गोली मारकर उसका बैग लूट लिया है। बैग में लैपटॉप व अन्य सामान था। पुलिस पूछताछ में बदमाशों ने दोनों घटनाएं कबूल की हैं।