जेवर में रोजगार के नए अवसर, CM योगी रखेंगे 1220 करोड़ की बड़ी परियोजना की नींव; विकास को मिलेगी रफ्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 नवंबर को जेवर के दयौरार गांव में यीडा के सेक्टर 8डी में सीएनएच इंडस्ट्रियल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की ट्रैक्टर निर्माण इकाई की आधारशिला रखेंगे।
-1793254729877_m.webp)
यीडा के सेक्टर 8डी में 12 नवंबर को सीएनएच की आधारशिला रखेंगे सीएम योगी। जागरण
HighLights
मुख्यमंत्री योगी 12 नवंबर को रखेंगे ट्रैक्टर इकाई की आधारशिला।
जेवर के सेक्टर 8डी में 1220 करोड़ का निवेश।
परियोजना से 1200 प्रत्यक्ष, 2000 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर।
मनोज कुमार शर्मा,जेवर (ग्रेटर नोएडा)। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलने जा रही है। जेवर के दयौरार गांव में विकसित हो रहे सेक्टर 8डी में 1220 करोड़ रुपये के निवेश से ट्रैक्टर निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी।
दीपावली के बाद 12 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस औद्योगिक परियोजना की आधारशिला रखेंगे। सीएनएच इंडस्ट्रियल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की इस इकाई से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ औद्योगिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
1219.81 करोड़ का निवेश प्रस्तावित
कंपनी को सेक्टर 8डी में 100 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। प्रस्तावित इकाई में ट्रैक्टरों का निर्माण किया जाएगा। परियोजना में 1219.81 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इससे लगभग 1200 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है, जबकि आपूर्ति शृंखला, परिवहन, लाजिस्टिक्स और अन्य सहायक गतिविधियों के माध्यम से करीब 2000 लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए यीडा, जिला प्रशासन, पुलिस और कंपनी ने कार्यक्रम को लेकर तैयारी शुरू कर दी हैं। कंपनी के लिए दयौरार गांव के किसानों से आपसी सहमति के बाद ली गई जमीन पर कब्जा लेते हुए कार्यक्रम स्थल और कंपनी की जमीन को समतल करने का शुरू कर दिया है।
औद्योगिक हब के रूप में विकसित हो रहा यीडा क्षेत्र
नरेन्द्र मोदी इंटरनेशल एयरपोर्ट जेवर के आसपास विकसित हो रहे यीडा क्षेत्र में औद्योगिक निवेश लगातार बढ़ता जा रहा है। बेहतर सड़क संपर्क, प्रस्तावित औद्योगिक ढांचे और एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी से कंपनियों की रुचि बढ़ रही है।
सेक्टर 8डी में ट्रैक्टर निर्माण इकाई की स्थापना से कृषि उपकरणों के निर्माण के साथ इससे जुड़ी सहायक औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय युवाओं को जगी रोजगार की उम्मीद
परियोजना शुरू होने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। साथ ही परिवहन, भंडारण, कलपुर्जों की आपूर्ति और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में भी विस्तार होने की संभावना में स्थानीय लोग स्वरोजगार के अवसर तलाश रहे है।
औद्योगिक इकाइयों के विकास से आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और यीडा क्षेत्र को औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना को मजबूती मिलेगी।
यह भी पढ़ें- नोएडा प्राधिकरण का बड़ा फैसला, मास्टर प्लान-2031 में बदलाव; अब गांव से लगी जमीन पर मिलेंगे 5 प्रतिशत प्लॉट
