आज और कल भी झमाझम बारिश के आसार
शहर में मंगलवार को मानसून की झमाझम बारिश हुई। तड़के सुबह तेज बारिश के साथ हुआ सिलसिला देर शाम तक बूंद की तेज बौछारों के साथ जारी रहा। पूरे दिन हुई बारिश के चलते मौसम सुहावना हो गया है। बारिश के बाद न्यनूतम व अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने आज और कल भी झमाझम बारिश की संभावना व्यक्त की है।
जागरण संवाददाता, नोएडा :
शहर में मंगलवार को झमाझम बारिश हुई। तड़के सुबह तेज बारिश के साथ शुरू हुआ सिलसिला देर शाम तक तेज बौछारों के साथ जारी रहा। पूरे दिन हुई बारिश के चलते मौसम सुहावना रहा। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग ने आज और कल भी बारिश की संभावना व्यक्त की है।
मंगलवार सुबह आठ बजे आसमान में काले बदल छा गए। इसके बाद शुरू हुई तेज बारिश का सिलसिला दोपहर एक बजे तक जारी रहा। जबकि कई इलाकों में देर शाम तक छुटपुट बारिश होती रही। मौसम विभाग के मुताबिक शहर में करीब 35 एमएम से अधिक बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 88 से 97 फीसद के बीच रहा। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून रेखा के दिल्ली-एनसीआर के नजदीक आने के चलते तेज बारिश का दौर शुरू हुआ है। यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। इससे तापमान में लगातार गिरावट आएगी। दो दिन बाद बारिश फिर हल्की हो जाएगी। इसके बाद 11 और 12 अगस्त को मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं, स्काइमेट वेदर के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि अगले दो दिनों के दौरान नोएडा सहित दिल्ली-एनसीआर में मौसम की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। विशेष रूप से 7 और 8 अगस्त को तेज वर्षा की उम्मीद की जा सकती है। अरब सागर से नम हवाओं के कारण कुछ हद तक उमस से राहत मिलेगी। पूरे सप्ताह मौसम इसी तरह रहेगा।