बिसरख गांव में हुआ रावण के पुतले का दहन
जागरण संवाददाता ग्रेटर नोएडा बिसरख गांव के ग्रामीणों ने रावण के पुतले का दहन किया। ग
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : बिसरख गांव के ग्रामीणों ने रावण के पुतले का दहन किया। ग्रामीण ओमेंद्र भाटी ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व पिछले कुछ सालों से गांव में रावण की पूजा होने व बिसरख गांव को रावण का जन्मस्थली होने की अफवाह उड़ा रहे हैं। जबकि ऐसा कुछ नहीं है। गांव में रावण नहीं बल्कि राम की पूजा होती है। लोग दिवाली भी मनाते है। कुछ असामाजिक तत्व यहां रावण दहन करने पर कुछ अपशगुन घटित हो जाने का दावा करते हैं। लोगों की इन भ्रांति को दूर करने के लिए ग्रामीणों ने एकत्र होकर रावण के पुतले का दहन करने का फैसला लिया। बता दें कि ग्रेटर नोएडा के बिसरख गांव को रावण के पिता विश्रवा का गांव माना जाता है। मान्यता है कि लंकापति रावण का जन्म बिसरख गांव में ही हुआ था। विश्रवा ऋषि ने बिसरख गांव में एक शिवलिग की स्थापना की थी। यहां अष्टभुजा शिवलिग आज भी मौजूद है। कहा जाता है कि बिसरख गांव में आज भी रामलीला का मंचन नहीं होता है। उसके पुतले का दहन भी नहीं किया जाता है। पुतला दहन के दौरान आशा भाटी, गौतम सिंह, धीरेंद्र सिंह, देवेंद्र, मनुज, अतुल, प्रवीण, रमन, कृष्ण पांडेय, संजय शर्मा, रतनलाल आदि लोग मौजूद रहे।