हत्या के बाद महिला के शव को सूटकेस में बंद कर नहर में फेंका
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : बिसरख कोतवाली के हैबतपुर गांव में रहने वाली महिला की हत्या कर शव को
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : बिसरख कोतवाली के हैबतपुर गांव में रहने वाली महिला की हत्या कर शव को सूटकेस में बंद करके गाजियाबाद के कनावनी में नहर के समीप फेंक दिया गया। शव को मंगलवार रात गाजियाबाद पुलिस ने बरामद किया और बिसरख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि शव हैबतपुर गांव में रहने वाली महिला का है। वह सात अप्रैल से गायब थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला की हत्या कर दहेज में दिए गए सूटकेस में शव बंद करके नहर में फेंक दिया। परिजन की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास, ससुर व देवर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बिसरख कोतवाली प्रभारी अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि गाजियाबाद में बरामद शव की पहचान बिसरख के हैबतपुर गांव की रहने वाली 24 वर्षीय महिला माला के रूप में हुई। उसकी शादी 2017 में शिवम से हुई थी। दोनों फेसबुक के जरिये 2016 में एक दूसरे के संपर्क में आए थे।
दोनों एक दूसरे से प्रेम करते थे और परिजन की इजाजत के बाद दोनों ने शादी कर ली थी। महिला के परिजन को ससुराल पक्ष के लोगों ने सूचना दी थी कि सात अप्रैल को माला कमरे में ताला लगाकर कहीं चली गई है। मंगलवार शाम उसका शव गाजियाबाद में मिला। परिजन ने दहेज में दिए गए सूटकेस के आधार पर शव की पहचान की और बताया कि यह सूटकेस दहेज में शिवम को दिया गया था। पुलिस ने महिला के परिजन की तहरीर के आधार पर ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।