डूब क्षेत्र में काटी कॉलोनी, एफआइआर
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : जिले में अवैध कॉलोनी काटने का काम जोरों पर चल रहा है। कॉलोनाइजर कुछ
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : जिले में अवैध कॉलोनी काटने का काम जोरों पर चल रहा है। कॉलोनाइजर कुछ लोगों की मिलीभगत से अवैध कॉलोनी काट रहे है। लोग अपनी जमा पूंजी अवैध कॉलोनी में प्लॉट खरीदने के चक्कर में गंवा दे रहे है। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में भी ऐसा ही मामला प्रकाश में आया है। जिला प्रशासन ने अवैध कॉलोनी काटने वाले के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सदर तहसील में तैनात लेखपाल जगदीश शर्मा ने सूरजपुर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि बिहार के रहने वाले जयराम शर्मा ने लखनावली में चार एकड़ जमीन खरीदी है। यह जमीन डूब क्षेत्र में आती है। जो ¨सचाई विभाग के अधिकार क्षेत्र में है। कृषि भूमि पर कॉलोनी नहीं बसाई जा सकती है। इस पर शासन से रोक लगी है। लेखपाल का कहना है कि ग्रामीणों ने अवैध कॉलोनी बसाए जाने की तहसील दिवस में डीएम से शिकायत की थी। डीएम के निर्देश पर विभाग ने मौके पर जाकर जांच की तो आरोप सही पाए गए हैं। आरोपित खरीदी गई जमीन पर कालोनी बसाने के लिए अवैध प्ला¨टग कर रहा है। 50 से अधिक लोगों को प्लाट बेच भी चुका है और कुछ लोग यहां घर भी बना रहे हैं। उनके निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है, लेकिन लोग मान नहीं रहे हैं। लेखपाल ने बताया कि कई खरीददारों से पूछताछ की गई है। कॉलोनाइजर ने उन्हें बताया कि यह कॉलोनी वैध है और घर बना सकते हैं। कुछ लोगों के प्लाट की रजिस्ट्री भी करा दी गई है, लेकिन यह रजिस्ट्री कृषि भूमि में की गई है। तहरीर के आधार पर आरोपित कॉलोनाइजर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। आरोपित की तलाश जारी है।
पंकज राय, सूरजपुर कोतवाली प्रभारी