लूट के विरोध में गोली मारने वाले दो इनामी बदमाश गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, नोएडा : सेक्टर 50 में 11 सितंबर को सेनेट्री कारोबारी यादराम गर्ग को लूट
जागरण संवाददाता, नोएडा :
सेक्टर 50 में 11 सितंबर को सेनेट्री कारोबारी यादराम गर्ग को लूट के विरोध में गोली मार कर घायल करने के मामले में फरार चल रहे दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान इमरान व सलीम निवासी समर कॉलोनी, निसाढी मेरठ के रूप में हुई। गिरफ्तार दोनों आरोपियों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मालूम हो कि सेक्टर 50 निवासी यादराम गर्ग की सेक्टर 9 में सेनेट्री की दुकान है। 11 सितंबर की रात वह कार से घर पहुंचे और कार पार्क कर मकान के अंदर जाने वाले ही थे। इस दौरान कुछ अज्ञात बदमाशों ने यादराम गर्ग से कैश लूट की कोशिश की थी। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें गोली मार कर घायल कर दिया था। हालांकि इस दौरान बदमाश लूट में नाकाम रहे थे। गंभीर रूप से जख्मी व्यवसायी को सेक्टर 50 के एक निजी अस्पातल में परिजन ने भर्ती कराया गया। जहां इलाज के कुछ दिन बाद उन्हें छुट्टी मिल गई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर केस का पर्दाफाश कर चुकी थी। अब पकड़े गए दोनों आरोपी सलीम और इमरान फरार चल रहे थे। एसएसपी की तरफ से दोनों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। रविवार देर रात दोनों आरोपियों को सेक्टर 51 पेट्रोल पंप के पास से पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
इमरान पहले भी लूट में जा चुका है जेल : इंस्पेक्टर विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी सगे भाई है और इनके खिलाफ दिल्ली व नोएडा के कोतवाली सेक्टर 20 व सेक्टर 49 में पहले से कई केस दर्ज है। आरोपी इमरान पहले भी मेरठ व दिल्ली से लूट में जेल जा चुका है। सेक्टर 51 में हुई व्यवसायी से लूट की कोशिश व विरोध पर गोली मारने की घटना इन दोनों भाइयों ने मिलकर अंजाम दिया था। आरोपी इमरान ने ही उस दिन गोली चलाई थी। आरोपी पिछली कई घटनाओं में लूट का विरोध करने पर गोली मारने की बात स्वीकार किया हैं।