CM धामी ने रामपुर तिराहा पर उत्तराखंड के बलिदानियों को किया नमन, बोले- लैंड और लव जिहाद पर सख्ती से जारी है कार्रवाई
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा बलिदान स्मारक पर श्रद्धांजलि दी और बलिदानियों के प्रतिमा स्थल का शिलान्यास किया।

मुजफ्फरनगर में रामपुर तिराहा उत्तराखंड बलिदान स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। जागरण
HighLights
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने रामपुर तिराहा बलिदान स्मारक पर दी श्रद्धांजलि दी।
उत्तराखंड राज्य आंदोलन के बलिदानियों के योगदान को किया याद।
संवाद सूत्र, छपार (मुजफ्फरनगर)। रामपुर तिराहा उत्तराखंड बलिदान स्मारक पर पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी और परिसर में बलिदानियों की प्रतिमा स्थल का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने स्मारक के लिए भूमि दान देने वाले स्व. पंडित महावीर शर्मा की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों का भावपूर्ण स्मरण करते श्रद्वांजलि अर्पित की।
रामपुर तिराहा गोलीकांड की 32वीं बरसी की मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण में राज्य आंदोलनकारियों और अमर शहीदों का योगदान अविस्मरणीय है। उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को प्रदेशवासी सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करते रहेंगे।
उत्तराखण्ड को अलग राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए राज्य आंदोलनकारियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया और अनेक आंदोलनकारियों ने अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। उनके संघर्ष और बलिदान के परिणामस्वरूप ही उत्तराखण्ड राज्य का गठन हुआ।
उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों की भावनाओं और आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखण्ड का विकास करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार उत्तराखण्ड के समग्र, संतुलित और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, रोजगार और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही युवाओं, महिलाओं, किसानों और स्थानीय लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।
कहा कि उत्तराखंड देश में पहला प्रदेश है, जहां पर एक नागरिक समान संहिता कानून लागू किया गया है, उत्तराखंड में लैंड जिहाद, लव जिहाद और थूक जिहाद पर सख्त कानून के तहत कार्रवाई जारी है। अवैध मदरसो पर लगातार कार्रवाई चल रही है। कालनेमी आपरेशन के तहत उत्तराखंड में लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ करने वाले धूर्त लोगों पर कार्यवाही जारी है।
कार्यक्रम को मुजफ्फरनगर की सदर सीट से विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने सम्बोधित करते कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे को मुजफ्फरनगर से होते हुए हरिद्वार तक ले जाने और आरआरटीजीएस ट्रेन को मेरठ से हरिद्वार तक ले जाने की मांग की गई है।
उत्तराखंड के राज्य आंदोलनकारी परिषद के उपाध्यक्ष सुभाष बढतवाल, संस्कृति परिषद के उपाध्यक्ष मधी भट्ट, ओमप्रकाश जंदगनी, हरिद्वार के जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मुजफ्फरनगर के भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, एमएलसी वंदना वर्मा, पूर्व विधायक अशोक कंसल, सदर ब्लाक प्रमुख पति अमित चौधरी, रोहाना गन्ना समिति के चैयरमैन अनिल त्यागी, नरेश कुमार, स्मारक प्रभारी शुभम शर्मा, पप्पू शर्मा आदि मौजूद रहे
