आज ट्रैक्टर के साथ दिल्ली कूच करेंगे किसान
केंद्र सरकार के पारित कृषि कानूनों के विरोध में गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए भाकियू ने तैयारी पूरी रह ली है। सोमवार को सैकड़ों ट्रैक्टर की रैली के साथ किसान देश की राजधानी दिल्ली जाने के लिए कूच करेंगे। बुढ़ाना के समीप स्थित बायवाला चौराहे को केंद्र बिदु बनाया गया है। यहीं से किसान राजधानी दिल्ली के लिए रवाना होंगे। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के अध्यक्ष नरेश टिकैत ने युवा किसानों को अनुशासन में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली जाने की हिदायत दी है।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। केंद्र सरकार के पारित कृषि कानूनों के विरोध में गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए भाकियू ने तैयारी पूरी रह ली है। सोमवार को सैकड़ों ट्रैक्टर की रैली के साथ किसान देश की राजधानी दिल्ली जाने के लिए कूच करेंगे। बुढ़ाना के समीप स्थित बायवाला चौराहे को केंद्र बिदु बनाया गया है। यहीं से किसान राजधानी दिल्ली के लिए रवाना होंगे। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के अध्यक्ष नरेश टिकैत ने युवा किसानों को अनुशासन में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली जाने की हिदायत दी है।
नरेश टिकैत ने कहा कि अपने अधिकारों के लिए किसान सड़कों पर उतरकर आंदोलन कर रहा है। गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में हर साल परेड होती है। इस बार किसान भी देश की राजधानी में ट्रैक्टर परेड करेंगे। तैयारी पूरी है और सोमवार को किसान ट्रैक्टर लेकर दिल्ली रवाना होंगे। शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली जाएंगे। किसानों से अपील की गई है कि अपने ट्रैक्टरों पर किसी दल का नहीं, बल्कि तिरंगा ही लगाएं। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी लगातार उनसे संपर्क कर रहे हैं। उन्हें आश्वस्त किया है कि किसी प्रकार का फसाद नहीं होगा। साथ ही कहा कि पुलिस-प्रशासन भी किसानों को दिल्ली जाने से न रोके। यदि रोकने का प्रयास किया गया तो किसानों का आक्रोश फूट सकता है। ट्रैक्टर रैली में युवाओं के साथ बुजुर्ग भी शामिल रहेंगे।
बताया कि रैली मार्ग बुढ़ाना, बड़ौत, बागपत होते हुए दिल्ली जाने का रहेगा। भाकियू पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। सभी को निर्देश दिए हैं कि भड़काऊ भाषा का प्रयोग कतई न करें।