भाजपा को वोट देकर मुस्लिम महिला का जीना मुहाल
गांव काटका निवासी एक मुस्लिम महिला को भाजपा को वोट देना महंगा पड़ गया। मुस्लिम बाहुल्य गांव में महिला ने जब से भाजपा को वोट दिया है तब से उसका गांव में रहना मुश्किल हो गया है। महिला का आरोप है कि गांव के दबंगों ने पहले तो उसके घर की दीवार तोड़ दी बाद में उसे धमकी दे रहे है।
जानसठ (मुजफ्फरनगर): लोकतांत्रिक देश भारत में भी वोट पर पहरा लगाने की कोशिश की जा रही है। गांव काटका में एक मुस्लिम महिला ने भाजपा को वोट देकर आफत मोल ले ली है। आरोप है कि इसे गुस्साए गांव के कुछ दबंगों ने मतदान से अगले दिन 12 अप्रैल को उसके घर दीवार तोड़ दी। उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इससे भयभीत होकर महिला ने गांव से पलायन करने का मन बना लिया है।
मुस्लिम बहुल गांव काटका निवासी मुरादन पत्नी शौकत का कहना है कि लोकसभा चुनाव में उसने भाजपा को वोट दिया था। यह बात गांव के लोगों को नागवार गुजरी। इससे गुस्साए कुछ दबंगों ने उसके मकान की दीवार तोड़कर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद उसके घर में ताला जड़ दिया। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की तो दबंगों ने उसके मकान की चाबी लौटा दी। मुरादन का आरोप है कि पुलिस ने केवल एक व्यक्ति को जेल भेज दिया, जबकि बाकी लोग गांव में खुलेआम घूम रहे हैं। पीड़िता ने कहा कि वह एक विधवा महिला है। उसका एक विकलांग पुत्र है। दबंगों ने उसे धमकी दी है कि यदि मुकदमा वापस नहीं लिया तो उसे गांव में नहीं रहने देंगे। वह दबंगों से डरकर गांव से पलायन करने पर मजबूर हो रही है। इंस्पेक्टर संतोष त्यागी ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। एक आरोपी को जेल भेज दिया है। बाकी की तलाश की जा रही है।