मुजफ्फरनगर में SSP की बड़ी कार्रवाई: ड्यूटी में लापरवाही पर चार दारोगा और नौ सिपाही सस्पेंड
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर एसएसपी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर चार दारोगा और नौ सिपाहियों को निलंबित किया है।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
सांसद हरेंद्र मलिक के आवास पर तैनात पुलिस फोर्स पर कार्रवाई।
शहर में निगरानी एवं गश्त व्यवस्था में कोताही बरतने पर एक्शन।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। एसएसपी ने सोमवार रात नगर कोतवाली और सिविल लाइंस पुलिस थाने में बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के मामले चार दारोगा और नौ सिपाही निलंबित किए गए हैं।
इनमें वह पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जो समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक को हाउस अरेस्ट करने के दौरान तैनात थे। सिविल लाइंस क्षेत्र में दंगे की बरसी पर पोस्टर लगने पर भी कार्रवाई हुई है।
सपा सांसद हरेंद्र मलिक के आवास पर पुलिस फोर्स तैनात कर हाउस अरेस्ट की कार्रवाई की गई। उसके बाद भी सपा सांसद पुलिस टीम को चकमा देकर सहारनपुर कलक्ट्रेट पहुंच गए। इस मामले में देर रात को एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बड़ी कार्रवाई की है।
सिविल लाइंस एवं नगर कोतवाली के 13 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। एसएसपी ने सिविल लाइंस क्षेत्र में प्रकाश चौक के निकट दंगे की बरसी पर लगे मिले पोस्टर की जांच शुरू कराई है। इससे पुलिस गश्त की भी पोल खुल गई।
यह भी पढ़ें- 'न भूले थे, न भूले हैं, न भूलेंगे...' लिखकर मुजफ्फरनगर दंगों की याद दिलाने वाले पोस्टर लगे, पुलिस ने लिया एक्शन
इस मामले में सिविल लाइंस के दारोगा पंकज कुमार, मुकुल कुशवाहा, कांस्टेबल महेंद्र प्रताप सिंह, रिक्रूट कांस्टेबल विवेक कुमार, विशाल कुमार, मोनू कुमार और अमित शर्मा को निलंबित किया गया है।
वहीं, नगर कोतवाली के दारोगा नितिन कुमार, यशपाल सिंह, कांस्टेबल नदीम, निशांत कुमार, दीपक गौतम और दिनेश कुमार पर कार्रवाई की गई है।
यह भी पढ़ें- मस्जिद प्रकरण: पुलिस को चकमा देकर सहारनपुर पहुंचे सांसद हरेंद्र मलिक और मुजफ्फरनगर सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी
हत्या के आरोपितों पर गैंगस्टर एक्ट का शिकंजा
चरथावल: कस्बे के रोहाना मार्ग स्थित किड्स हेवन पब्लिक स्कूल के चौकीदार राजू उर्फ राजकुमार हत्याकांड में पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। सोमवार को पुलिस ने जिला कारागार से दोनों आरोपितों को न्यायालय में तलब कराकर वारंट तामील कराने की प्रक्रिया शुरू की। न्यायालय ने मामले में सुनवाई के लिए मंगलवार की तिथि निर्धारित की है।
