कांवड़ियों के स्वागत को सजे शिवालय
शिवालयों में बड़ी संख्या में कांवड़िए पहुंच गए हैं। वह गुरुवार को भगवान आशुतोष को जल आर्पित कर अपने घर को रवाना होंगे।
खतौली (मुजफ्फरनगर) : सावन मास शिवरात्रि को लेकर शिवालय सजधज कर तैयार होने लगे हैं। शिवालयों को शिवभक्तों का इंतजार है। शहर के कई शिवालयों में बड़ी संख्या में कांवड़िए पहुंच गए हैं। वह गुरुवार को भगवान आशुतोष को जल आर्पित कर अपने घर को रवाना होंगे।
शिवरात्रि के उपलक्ष्य में इस्लामनगर मोहल्ला में श्रीथानेश्वर महादेवालय, नई आबादी स्थित झारखंड महादेवालय, रेलवे रोड स्थित शिवमूर्ति मंदिर व मेन रोड स्थित ताराचंद शिवालय में साफ-सफाई और सजावट का कार्य दिनभर चलता रहा। इन मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया है। थानेश्वर महादेवालय व झारखंड महादेवालय में बड़ी संख्या में आसपास के गांवों के कांवड़िए पहुंच गए। वे मंदिरों में विश्राम कर रहे हैं। उक्त शिवालय बम भोले के उद्घोष से गूंज रहे हैं। गुरुवार को कांवड़िया भगवान शंकर का जलाभिषेक कर अपने घर के लिए रवाना होंगे। कांवड़ियों की सेवा के लिए मंदिरों में भंडारे की व्यवस्था की जा रही। भैंसी गांव के शिव मंदिर को भी रंग-बिरंगी लाइटों से सुंदर सजाया गया है।