चतुर्दशी पर हर-हर महादेव के साथ जलाभिषेक
पूजा-अर्चना के साथ पढ़ी गई शिवपुराण व शिव चालीसा।
मुजफ्फरनगर : श्रावण मास में कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को भी शिवालयों में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने जलाभिषेक और रुद्राभिषेक किया। हर-हर महादेव के जयकारों के साथ घंटे-घड़ियाल गूंजते रहे। शिवपुराण व शिव चालीसा पढ़ी गई।
शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने शिवालयों में जाकर हर-हर महादेव, बोल बम-बोल बम के जयकारों के साथ पूजा-अर्चना के पश्चात जलाभिषेक किया। शिवालयों में जलाभिषेक करने वालों की भीड़ लगी रही। परिक्रमा मार्ग रेलवे फाटक के निकट स्थित श्रीराज दुर्गा मंदिर में शिव भक्तों ने गंगाजल, पंचामृत, बेलपत्र आदि से जलाभिषेक किया। मंदिर में देवी-देवताओं का पूजन, योगासन, ध्यान संध्या व सत्संग का आयोजन किया गया।
श्रीबालाजी धाम मंदिर भरतिया कालोनी में विद्वानों ने रुद्राभिषेक कराय। सुरेंद्र बंसल, सुरेश बंसल, हरिशंकर तायल, लकी, अमित व शंटी आदि ने रुद्राभिषेक कार्यक्रम में सहयोग किया। रुद्राभिषेक कार्यक्रम पूरी रात चला। इसके अलावा शहर के सभी शिवालयों में भगवान शिव को जलाभिषेक कर प्रसन्न किया और घर-परिवार में सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
जानसठ : शिवभक्तों ने शुक्रवार को महादेव क जलाभिषेक किया। प्राचीन ज्ञानेश्वर महादेव मंदिर पर सुबह से ही जल चढ़ाने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। अधिकतर कांवड़ियों ने चतुर्दशी का जलाभिषेक भी किया। कांवड़ लेकर आए शिवभक्तों ने पूजा-अर्चना के बाद कन्याओं को भोजन कराया।