उत्तर प्रदेश की तर्ज पर हिमाचल में भी होगी इन्वेस्टर्स मीट
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश की तर्ज पर हिमाचल में भी इन्वेस्टर्स मीट कराने की जानकारी दी और उद्यमियों को निवेश का न्योता दिया।
मुजफ्फरनगर (जेएनएन)। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश की तर्ज पर हिमाचल में भी इन्वेस्टर्स मीट कराने की जानकारी दी और उद्यमियों को निवेश का न्योता दिया। मुख्यमंत्री के साथ आए बाबा रामदेव ने कहा कि 200 साल से राम मंदिर का मामला कोर्ट में लंबित है। इसके चलते लोगों के सब्र का बांध टूटने लगा है। धरती पर जब कोई धर्म नहीं था, तब राम थे। देश में राम का कोई विरोध नहीं है। श्रीराम हिंदू और मुस्लिम सभी के पूर्वज थे। कहा कि हद से ज्यादा किसी मामले को दबाने पर विद्रोह के हालात बनने लगते है।
हिंदू और मुस्लिम सभी के पूर्वज
मुजफ्फरनगर के गांव भैसानी में रविवार को आयोजित सगाई समारोह में वीआइपी लोगों की भीड़ जुटी। सबसे पहले हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और फिर योग गुरु रामदेव पहुंचे। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से दूरी बनाए रखी। वहीं कार्यक्रम से निपटने के बाद बाबा रामदेव मंदिर मुद्दे पर मुखर नजर आए। उन्होंने कहा कि राम मंदिर मुद्दा हमारे पुरखों की विरासत का सम्मान है। 200 साल से मामला कोर्ट में लंबित है। अब एक ही रास्ता बचा है कि राम मंदिर का निर्माण हो। देश में राम का कोई विरोध नहीं है। श्रीराम हिंदू और मुस्लिम सभी के पूर्वज थे। दुनिया में जब कोई धर्म नहीं था, तब से राम हैं। अयोध्या मंदिर बना तो राष्ट्र के सम्मान की बात होगी। संतों को संसद पर दबाव बनाकर मंदिर निर्माण को लेकर कानून बनाने को मार्ग खुलवाना चाहिए। कार्यक्रम में सांसद डा संजीव बालियान भी आदि मौजूद रहे।
उप्र की तर्ज पर हिमाचल में इन्वेस्टर्स मीट
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए उत्तर प्रदेश की तर्ज पर हिमाचल में भी इन्वेस्टर्श मीट का आयोजन कराया जाएगा। उन्होंने जिले के उद्यमियों को निवेश करने का न्योता दिया। रविवार को इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक में जयराम ने कहा कि बीते दिनों उत्तर प्रदेश में उद्योग जगत का बड़ा इन्वेस्टर्स मीट आयोजित हुआ। आने वाले समय में इसका बड़ा फायदा यूपी की जनता को होगा। हिमाचल प्रदेश में भी जल्द ऐसी ही इन्वेस्टर्स मीट होगी। इस पर विचार किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में उद्योग धंधों को बढ़ावा देने के लिए नए-नए मार्ग विकसित किए जा रहे हैं। तीन-चार सेक्टर में उद्योग को बढ़ावा देने पर कार्य चल रहा है। पर्यटन के क्षेत्र काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल का वातावरण बहुत अच्छा है। ईको टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा। फार्मा इंडस्ट्री में भी सम्भावनाएं हैं। हिमाचल प्रदेश ने उद्यम लगाने में आने वाली कठिनाइयों का सरलीकरण किया गया है। उन्होंने उद्यमियों को हिमाचल आने का न्योता भी दिया। दूसरी ओर सदर विधायक कपिल देव अग्रवाल व सरधना विधायक संगीत सोम ने कहा कि यहां के उद्यमी हिमाचल में उद्योग लगाने को संभावनाएं तलाश रहे हैं। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद उद्यमियों की सभी आशंकाओं का समाधान होगा।