गोवंश के अवशेष मिलने से ग्रामीणों का हंगामा
क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर के जंगल में गोवंश के अवशेष मिलने पर ग्रामीणों में रोष फैल गया। ग्रामीणों ने हंगामा कर गोकशों की गिरफ्तारी की मांग की।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर के जंगल में गोवंश के अवशेष मिलने पर ग्रामीणों में रोष फैल गया। ग्रामीणों ने हंगामा कर गोकशों की गिरफ्तारी की मांग की। मौके से दो कारतूस भी बरामद हुए। पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बुधवार सुबह मुजाहिदपुर में किसान खेतों में काम कर रहे थे। दुर्गध आने पर उन्होंने तलाश किया तो बीर सिंह पुत्र फूल सिंह के खेत मे चार-पांच गोवंश के अवशेष पड़े दिखे, जिन्हें कुत्ते नोच रहे थे। इसको लेकर किसानों में रोष फैल गया। मौके पर भीड़ इकट्ठी हो गई। उन्होंने हंगामा किया। रतनपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल की। ग्रामीणों ने गोकशों की गिरफ्तारी की मांग की। थानाध्यक्ष राजेन्द्र गिरी ने गोकशों की शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिया।
ग्राम प्रधान पति दिनेश शर्मा की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस को मौके पर दो कारतूस बरामद हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि गोकशों ने गोवंश को गोली मारी और इसके बाद उन्हें काटकर मांस ले गए और अवशेष वहीं छोड़ गए। पुलिस ने मौके पर पशु चिकित्साधिकारी बड़सू डॉ. विनोद ढाका को बुलाकर गोवंश के अवशेष का परीक्षण कराया और ग्रामीणों की मदद से अवशेषों को गड्ढे में दबा दिया।